शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन में जमीन-मकान के सौदों में बूम:बीते सात महीने में सरकार को मिले 247 करोड़, धनतेरस पर भी होगी रजिस्ट्री – Ujjain Property Deals Surge, Government Earns Rs 247 Crore In Seven Months; Registrations Open On Dhanteras
उज्जैन

उज्जैन में जमीन-मकान के सौदों में बूम:बीते सात महीने में सरकार को मिले 247 करोड़, धनतेरस पर भी होगी रजिस्ट्री – Ujjain Property Deals Surge, Government Earns Rs 247 Crore In Seven Months; Registrations Open On Dhanteras

November 6, 2026


महाकाल नगरी उज्जैन में प्रॉपर्टी बाजार की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। जमीन, मकान और दुकानों की खरीद-बिक्री में तेजी का असर सरकारी खजाने पर भी दिखाई दे रहा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 40,644 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ, जिससे सरकार को 247.30 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले साल इसी अवधि में 240.42 करोड़ रुपये की आय हुई थी। इस तरह इस बार राजस्व में 6.88 करोड़ रुपये यानी 2.86 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रजिस्ट्री कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच 39,454 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ था। इस बार यह संख्या बढ़कर 40,644 हो गई। यानी पिछले साल की तुलना में 1,190 अधिक दस्तावेजों का पंजीयन हुआ है। दस्तावेजों की संख्या में 3.02 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि में प्रतिदिन औसतन करीब 193 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ।

जुलाई में सबसे ज्यादा 46.31 करोड़ का राजस्व

सात महीनों के दौरान रजिस्ट्री से सबसे ज्यादा कमाई जुलाई में हुई। इस महीने सरकार को 46.31 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। इसके बाद जून में 45.08 करोड़ रुपये की आय हुई। वहीं सितंबर में 37.71 करोड़, मई में 34.81 करोड़, अक्टूबर में 32.67 करोड़ और अगस्त में 28.92 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। जुलाई में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले सबसे अधिक 7.63 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें: भोपाल में कचरे से पटी सड़कें: आठ सौ गाड़ियां खड़ी, सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच व्यापारी खुद उतरे मैदान में

सिंहस्थ की तैयारियों का असर

उज्जैन में प्रॉपर्टी बाजार में बढ़ती गतिविधियों के पीछे कई वजहें मानी जा रही हैं। महाकाल लोक के निर्माण के बाद शहर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। इसके साथ ही सड़क, पुल, घाट और आवासीय परियोजनाओं से जुड़े विकास कार्य भी जारी हैं। आगामी सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के चलते शहर और आसपास के क्षेत्रों में जमीन, मकान और व्यावसायिक संपत्तियों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। इन गतिविधियों का असर संपत्ति के सौदों और रजिस्ट्री के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है।

सात महीने में रजिस्ट्री का हिसाब


  • कुल दस्तावेजों का पंजीयन: 40,644
  • कुल राजस्व प्राप्ति: 247.30 करोड़ रुपये
  • पिछले साल के मुकाबले अतिरिक्त राजस्व: 6.88 करोड़ रुपये
  • दस्तावेजों की संख्या में बढ़ोतरी: 1,190
  • राजस्व में वृद्धि: 2.86 प्रतिशत
  • दस्तावेजों में वृद्धि: 3.02 प्रतिशत
  • सबसे ज्यादा राजस्व: जुलाई में 46.31 करोड़ रुपये
  • प्रतिदिन औसत पंजीयन: करीब 193 दस्तावेज

धनतेरस पर खुला रहेगा पंजीयन कार्यालय

त्योहारी सीजन में जमीन, मकान या दुकान की रजिस्ट्री कराने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। धनतेरस के दिन पंजीयन कार्यालय खुला रहेगा और लोग शुभ मुहूर्त में संपत्तियों का पंजीयन करा सकेंगे। हालांकि दीपावली के दिन कार्यालय में अवकाश रहेगा। ऐसे में धनतेरस पर रजिस्ट्री कराने के इच्छुक लोगों को पहले से स्लॉट बुक कराने और जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है। वरिष्ठ जिला पंजीयक दीपक कुमार शर्मा के अनुसार अचल संपत्तियों के पंजीयन से मिलने वाले राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच जिले में कुल 247.30 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X