Ballia News:70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता में गुजरात को 1-0 से हराकर यूपी सेमीफाइनल में – Up Reaches Semi-finals Of 70th National School Football Tournament After Defeating Gujarat 1-0
बलिया। 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रहमान ने 27वें मिनट में निर्णायक गोल दागकर यूपी को जीत दिलाई। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब और झारखंड की टीमें प्रतियोगिता के अंतिम चार में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद सुबह 11 बजे फाइनल खेला जाएगा।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग की प्रतियोगिता के चौथे दिन बृहस्पतिवार को प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल के मुकाबले खेले गए। दूसरे क्वार्टर फाइनल में मेजबान उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मैच के 27वें मिनट में रहमान ने शानदार गोल कर यूपी को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद गुजरात के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन यूपी की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उनकी एक न चली। अंततः मेजबान टीम ने 1-0 से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। मैच से पहले संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉ. राजेश आर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को 2-0 से, पंजाब ने केंद्रीय विद्यालय को 3-0 से और झारखंड ने असम को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे पहले हुए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने लक्षद्वीप को 1-0, दिल्ली ने छत्तीसगढ़ को 3-0, उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु को 4-0, गुजरात ने केरल को 5-4, पंजाब ने आईएसएसओ को 2-0, केंद्रीय विद्यालय ने उत्तराखंड को 2-0, झारखंड ने सीआईएससीई को 3-0 और असम ने बिहार को 3-1 से पराजित किया था।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अमल कुंवर, मोहम्मद गयासुद्दीन, अजय यादव, मेहरुद्दीन, शनि कुमार, सौरभ कुमार, अजीत सिंह, चंद्रकांत राय, राजू कुमार, मोहम्मद अशफाक, संजय साहनी आदि ने निभाई। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, पंकज सिंह, फील्ड ऑफिसर द्रोणवीर सिंह यादव, मोहम्मद नईम अहमद,आदि रहे।
आज होगा फाइनल मुकाबला
प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को पहला सेमीफाइनल वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में मेजबान उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल मिनी स्टेडियम शेर में पंजाब और झारखंड के बीच होगा। दोनों मुकाबलों की विजेता टीमें खिताबी भिड़ंत करेंगी। फाइनल मुकाबला सुबह 11 बजे वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा।

जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव क्लस्टर पांच का आगाज बृहस्पतिवार को मिनी स्टेडियम, बलेजी के
