शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Balrampur News:बाजार में कराया सुरक्षा का अहसास – Ensured A Sense Of Security In The Market
बलरामपुर

Balrampur News:बाजार में कराया सुरक्षा का अहसास – Ensured A Sense Of Security In The Market

November 6, 2026


बलरामपुर। धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को पुलिस ने नगर के प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने वीर विनय चौराहा, झारखंडी, पहलवारा, पीपल तिराहा, प्रमुख बाजार और सराफा मार्केट में भ्रमण किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।

एसपी ने बताया कि त्योहार के दौरान महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह फैलाने और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। फ्लैग मार्च में एएसपी विशाल पांडेय, सीओ नगर अभिषेक सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी ने की गश्त

फोटो- 35

बलरामपुर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई।

संयुक्त टीम ने सीमावर्ती गांवों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सीओ अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव और गो तस्करी, अवैध कटान, खनन तथा घुसपैठ जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सतर्कता बरती गई। टीम ने ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस के अनुसार, सीमा क्षेत्र में निगरानी और संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

दीपावली पर अग्निशमन केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश

बलरामपुर। दीपावली पर आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बुधवार को अग्निशमन कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अग्निशमन केंद्रों पर वाहनों और उपकरणों को क्रियाशील रखने के साथ ही पर्याप्त पानी और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

एसपी ने निर्देश दिया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। पटाखा बाजारों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X