शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Balrampur News:भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मैत्री का संदेश लेकर पहुंचे नेपाली नागरिक – Nepali Citizens Arrived Bearing A Message Of Cultural Friendship Between India And Nepal
बलरामपुर

Balrampur News:भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मैत्री का संदेश लेकर पहुंचे नेपाली नागरिक – Nepali Citizens Arrived Bearing A Message Of Cultural Friendship Between India And Nepal

November 13, 2026


Nepali citizens arrived bearing a message of cultural friendship between India and Nepal

फोटो-18-बलरामपुर के जरवा में सांस्कृतिक मैत्री का संदेश लेकर पहुंचे नेपाली नागरिक।-संवाद

जरवा। भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी के रिश्तों के साथ ही सांस्कृतिक मैत्री की परंपरा की झलक भी सीमा पर देखने को मिली। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के त्योहारों के समापन के बाद नेपाल के स्थानीय महिला और युवकों ने मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नेपाली नागरिकों की टोली भजन-कीर्तन और पारंपरिक नृत्य करते हुए नेपाल के विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों के साथ-साथ भारत के कोइलाबास स्थित एसएसबी कैंप पहुंची। यहां उन्होंने तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके प्रति सम्मान जताया।

वीर बहादुर सोनार, हरि थापा और अमर सिंह थापा की अगुवाई में नेपाली नागरिकों की टोली बुधवार शाम करीब छह बजे कोइलाबास स्थित एसएसबी चौकी पहुंची। यहां प्रभारी निरीक्षक रमेश ने उनका स्वागत किया। नेपाली नागरिकों ने भजन-कीर्तन और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।

नेपाल के कोइलाबास गांवपालिका निवासी वीर बहादुर सोनार ने बताया कि दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के बाद इस मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसके तहत दूसरे स्थानों से आकर सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों का सम्मान किया जाता है और उनका कुशलक्षेम जाना जाता है। साथ ही उन्हें अपनी पहाड़ी और थारू संस्कृति, लोकगीतों तथा परंपराओं से परिचित कराया जाता है।

इस दौरान नेपाली टोली नेपाल कस्टम, सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) और नेपाल पुलिस के जवानों से भी मिली। एसएसबी कोइलाबास के प्रभारी निरीक्षक रमेश ने कहा कि नेपाली नागरिकों के भजन और गीत शांतिपूर्ण एवं मनमोहक थे। भाषा पूरी तरह समझ में नहीं आ रही थी, लेकिन उनकी प्रस्तुति और अपनापन अच्छा लगा।

सीमा पर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे जवानों के बीच इस तरह के सांस्कृतिक मेल-मिलाप से भारत और नेपाल के नागरिकों के बीच आपसी सौहार्द, आत्मीयता और मैत्रीपूर्ण संबंधों की झलक देखने को मिली।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X