शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:शहीद के बेटे ने पास की नीट परीक्षा, भाई के साथ करेंगे एमबीबीएस – Jhunjhunu Martyr Son Kunal Chaudhary Gets Mbbs Admission In Maulana Azad Medical College
कोटा

राजस्थान:शहीद के बेटे ने पास की नीट परीक्षा, भाई के साथ करेंगे एमबीबीएस – Jhunjhunu Martyr Son Kunal Chaudhary Gets Mbbs Admission In Maulana Azad Medical College

November 6, 2026


Jhunjhunu Martyr Son Kunal Chaudhary Gets MBBS Admission in Maulana Azad Medical College

प्रतीकात्मक तस्वीर

विस्तार

राजस्थान के झुंझुनू जिले के बुरड़क की ढाणी कालियासर निवासी और शहीद के बेटे कुणाल चौधरी ने नीट यूजी परीक्षा पास कर मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला हासिल किया है। कुणाल के बड़े भाई निखिल चौधरी भी इसी प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। पिता नायक सूबेदार देवकरण की शहादत के बाद दोनों भाइयों ने चिकित्सा क्षेत्र को चुनकर अपने पिता के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया है। कुणाल का मानना है कि डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करना ही उनके पिता को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सियाचिन ग्लेशियर में शहीद हुए थे पिता

नायक सूबेदार देवकरण चौधरी भारतीय सेना की 25 जाट रेजिमेंट में तैनात थे। लेह-लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर में कर्तव्य पथ पर तैनाती के दौरान 13 फरवरी, 2023 को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 19 फरवरी को उनका निधन हो गया। सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। पिता के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन मां अंजू चौधरी ने कठिन समय में धैर्य बनाए रखते हुए दोनों बेटों का मार्गदर्शन किया और उन्हें हिम्मत दी।

कोटा से तैयारी कर पाया मुकाम

पिता के निधन के बाद बड़े भाई निखिल ने कुणाल को हिम्मत बंधाई और डॉक्टर बनने का सपना दिखाया। कुणाल ने दसवीं कक्षा में 87 प्रतिशत और बारहवीं में 74 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। बारहवीं के साथ नीट यूजी परीक्षा के पहले प्रयास में उन्होंने 300 अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद बड़े भाई की सलाह पर कुणाल एक साल का ड्रॉप लेकर 2025 में कोटा पहुंचे। कोटा के निजी कोचिंग संस्थान में उन्हें शौर्य वंदन योजना के तहत 90 प्रतिशत शुल्क छूट मिली। कुणाल ने अपनी कड़ी मेहनत के बल पर अंकों में 186 अंक का सुधार किया और 486 अंक हासिल किए। नीट यूजी परीक्षा में 1,08,920 रैंक हासिल कर उन्होंने देश के प्रमुख मेडिकल कॉलेज में अपना स्थान पक्का किया।

दोनों भाई साथ में करेंगे पढ़ाई

मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में पहले से पढ़ाई कर रहे बड़े भाई निखिल चौधरी की प्रेरणा से ही कुणाल ने भी इसी संस्थान को प्राथमिकता दी। दोनों भाई अब एक ही संस्थान में रहकर डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करेंगे। कुणाल की सफलता से पूरे गांव और जिले में खुशी की लहर है। मां अंजू चौधरी ने अपने बेटों की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। कुणाल का कहना है कि कोटा में रहकर की गई अनुशासित पढ़ाई और भाई के निरंतर मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X