आईआईटी मद्रास के भूकंप वैज्ञानिक डॉ. अरुण मेनन सहित चार विशेषज्ञों की टीम श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची। तीन घंटे तक मुख्य मंदिर के भवन, स्वर्ण शिखर और दीवारों का सर्वे किया। वैज्ञानिकों ने गर्भगृह और शिखरों के सोने की परतों के क्षरण की भी जांच की।
मंदिर की वास्तुकला को छेड़े बिना स्वर्ण कलश को जोड़ने की तकनीक तैयार करने पर चर्चा हुई। अब 20 दिनों में इसकी जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे से जांच की प्रक्रिया शुरू हुई जो शाम पांच बजे तक चली।
दर्शनार्थियों की कतारों के बीच मंदिर पहुंचकर वैज्ञानिकों ने बड़ी-बड़ी अटैचियां खोलकर जांच शुरू की। अत्याधुनिक मशीनों से गर्भगृह के बाहर बाबा के मंदिर की दीवार, बगल में बैकुंठ मंदिर और दंडपाणि मंदिर की मजबूती को परखा गया।