शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
धार का बाजार गुलजार:धनतेरस पर बरसा धन, 400 से अधिक दोपहिया वाहन बिके; सराफा बाजार में सात करोड़ का कारोबार – Wealth Pours Into The Market On Dhanteras; Over 400 Two-wheelers Sold
धार

धार का बाजार गुलजार:धनतेरस पर बरसा धन, 400 से अधिक दोपहिया वाहन बिके; सराफा बाजार में सात करोड़ का कारोबार – Wealth Pours Into The Market On Dhanteras; Over 400 Two-wheelers Sold

November 6, 2026


धनतेरस के साथ ही पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत हो गई। शुक्रवार को धनतेरस पर शहर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी थी। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। शहर में 400 से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, वहीं चारपहिया वाहनों की भी अच्छी मांग रही। सराफा बाजार में करीब सात करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार का आंकड़ा एक करोड़ रुपये से अधिक रहा। बर्तन बाजार में लगभग 50 लाख रुपये के कारोबार का अनुमान है। कपड़ा, फर्नीचर और अन्य बाजारों को मिलाकर कुल कारोबार करीब 10 से 12 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

मुख्य बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। लोगों ने शुभ मुहूर्त में वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दीपावली की सजावटी सामग्री की खरीदारी की। कई ग्राहकों ने आगामी दिनों के लिए भी सामान की बुकिंग कराई। रात 10 बजे के बाद तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही। खरीदारी के बाद लोगों ने घरों में विधि-विधान से धनतेरस का पूजन किया।

ये भी पढ़ें- 7 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, पांच दिन चलेगी कार्यवाही; हंगामेदार रहने के आसार

सोने-चांदी की आकृतियों और हल्के आभूषणों की मांग

सराफा कारोबारियों के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकी अच्छी रही। इस बार हल्के वजन के आभूषणों की मांग अधिक रही। एक से डेढ़ ग्राम से लेकर 5 ग्राम तक के आभूषण, टॉप्स, अंगूठियां और गले की चेन ग्राहकों की पसंद बने। दो से तीन ग्राम के छोटे आभूषणों की भी अच्छी बिक्री हुई। चांदी के सिक्कों के साथ बिछिया और पायल की मांग रही। वहीं पूजन और निवेश के उद्देश्य से लोगों ने चांदी के सिक्के, मछली, हाथी और कछुए की आकृतियां खरीदीं। इसके अलावा कटोरी, गिलास और चम्मच जैसे छोटे बर्तनों की भी बिक्री हुई।

वाहनों की डिलीवरी के लिए शोरूम पर उमड़े ग्राहक

धनतेरस पर वाहन खरीदने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। कई ग्राहकों ने पहले ही एडवांस बुकिंग करा रखी थी। शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में 400 से अधिक दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की गई। चारपहिया वाहनों के शोरूम पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही रही। छोटी से लेकर बड़ी कारों तक की डिलीवरी हुई। इसके साथ ही लोगों ने घर की जरूरतों का सामान, कपड़े, जूते, बेल्ट, पर्स, फर्नीचर, दीये, लक्ष्मीजी की प्रतिमाएं, पूजन सामग्री और सजावटी सामान खरीदा। इस बार स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों के यहां भी अच्छी ग्राहकी देखने को मिली। खासकर दीये और सजावटी सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही।

चौपाटी तक पहुंचने में लगे 20 मिनट

धनतेरस की खरीदारी के चलते शहर के मुख्य बाजारों में दिनभर यातायात का दबाव बना रहा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने आठ से अधिक स्थानों पर जवानों की तैनाती कर फिक्स पॉइंट बनाए थे। इसके बावजूद अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनी। पुलिसकर्मी लगातार यातायात सुचारू कराने में जुटे रहे। शाम के समय धानमंडी से आनंद चौपाटी तक पहुंचने में वाहन चालकों को करीब 20 मिनट लग गए। राजवाड़ा क्षेत्र में भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X