शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:धार-अलीराजपुर के 126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी, 1.26 लाख किसानों को मिलेगा फायदा; जानें कैसे – Fields In Tribal Regions To Flourish With Narmada Water
धार

एमपी:धार-अलीराजपुर के 126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी, 1.26 लाख किसानों को मिलेगा फायदा; जानें कैसे – Fields In Tribal Regions To Flourish With Narmada Water

November 11, 2026


जनजातीय अंचल के खेतों की तस्वीर बदलने और किसानों की बारिश पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को डही में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1,353 करोड़ रुपये की टंट्या मामा उद्वहन सिंचाई योजना का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से धार और अलीराजपुर जिले के 126 गांवों के करीब 1.26 लाख किसानों की 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री इस दौरान योजना के दूसरे चरण की पाइपलाइन का भी लोकार्पण करेंगे।

राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन डही स्थित पुलिस थाना परिसर में किया जाएगा। इसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

खेती को मिलेगा बढ़ावा, मानसून पर निर्भरता होगी कम

जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन क्षेत्र के कृषि भविष्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना के पूरी तरह संचालित होने पर पांच तहसीलों के किसानों के खेतों तक नर्मदा का पानी पहुंचेगा। इससे खरीफ के साथ रबी की फसलों की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा और किसानों की मानसून पर निर्भरता कम होगी।

योजना के तहत नर्मदा नदी से डही तहसील के ग्राम कातरखेड़ा के समीप पानी का उद्वहन किया जाएगा। यहां से भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। परियोजना के लिए पांच पंप हाउस और 41 वर्टिकल टर्बाइन पंप स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा करीब 58 किलोमीटर राइजिंग मेन और 3,475 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन बिछाई गई है। पूरी व्यवस्था के संचालन के लिए 58.87 मेगावाट बिजली की आवश्यकता होगी।

उद्वहन सिंचाई की इस आधुनिक तकनीक में पारंपरिक नहरों के बजाय पाइपलाइन के जरिए सीधे खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। इससे जल वितरण अधिक प्रभावी होने और पानी की बर्बादी कम होने की उम्मीद है।

47 हजार हेक्टेयर जमीन होगी सिंचित

परियोजना के तहत धार जिले की कुक्षी तहसील में 13,180 हेक्टेयर और डही तहसील में 15,895 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, अलीराजपुर जिले की जोबट तहसील में 15,963 हेक्टेयर, सोंडवा में 1,759 हेक्टेयर और अलीराजपुर तहसील में 1,958 हेक्टेयर भूमि को इसका लाभ मिलेगा।

इस तरह दोनों जिलों की पांच तहसीलों में कुल 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। लंबे समय से नर्मदा जल का इंतजार कर रहे किसानों की निगाहें अब 15 नवंबर को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम पर टिकी हैं। योजना के लोकार्पण के बाद इसका नियमित संचालन और खेतों तक पानी पहुंचने की समयसीमा अहम होगी। परियोजना से क्षेत्र में फसल चक्र में बदलाव, रबी की खेती का रकबा बढ़ने और कृषि उत्पादकता में सुधार की उम्मीद है। यदि योजना के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार खेतों तक पानी पहुंचता है तो यह जनजातीय अंचल के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पढे़ं: 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे नंबर पर, देवास-रीवा भी छाए

निर्माण पूरा, परीक्षण का काम जारी

नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित इस परियोजना का निर्माण कार्य 30 जून 2026 को पूरा हो चुका है। वर्तमान में इसके परीक्षण का काम जारी है। परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक है। इसमें मां नर्मदा नदी से डही तहसील के ग्राम कातरखेड़ा के समीप निर्मित इंटेक संरचना के जरिए पानी का उद्वहन किया जाएगा। इसके बाद अत्याधुनिक दबावयुक्त भूमिगत पाइपलाइन से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।

इसके लिए पांच आधुनिक पंप हाउस बनाए गए हैं। परियोजना में करीब 58 किलोमीटर राइजिंग मेन और 3,475 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन का निर्माण किया गया है। पूरी सिंचाई व्यवस्था को जल संरक्षण और पानी के अधिकतम उपयोग को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे और राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर बुधवार को डही नगर में प्रशासनिक एवं राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी पुलिस ग्राउंड पहुंचे।

आयोजन स्थल के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कलेक्टर को मंच की दिशा बदलने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक अमले ने तत्काल दूसरी दिशा में मंच तैयार करने का काम शुरू कर दिया। कलेक्टर ने पुलिस ग्राउंड के चारों ओर घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए बनाए गए हेलीपैड का भी जायजा लिया गया।

इसी दौरान केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, कलेक्टर और भाजपा जिला पदाधिकारियों ने राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस एवं माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना के प्रचार-प्रसार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रथों के माध्यम से क्षेत्र में जनजातीय गौरव दिवस और सिंचाई परियोजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, मंच व्यवस्था, यातायात और अन्य जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस अवसर पर धार जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश धड़ीवाल, वीरेंद्र बघेल सहित स्थानीय भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X