शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:धनतेरस के लिए बाजार तैयार, 120 करोड़ के पार होगा कारोबार – Market Ready For Dhanteras, Business To Cross Rs 120 Crore
हाथरस

Hathras News:धनतेरस के लिए बाजार तैयार, 120 करोड़ के पार होगा कारोबार – Market Ready For Dhanteras, Business To Cross Rs 120 Crore

November 6, 2026


हाथरस। पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज आज शुक्रवार से धनतेरस के साथ हो रहा है। त्योहार के लिए जिले के बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो चुके हैं। व्यापारियों के अनुसार त्योहार पर इस बार कारोबार का आंकड़ा 120 करोड़ के पार जाने का अनुमान है।

धनतेरस से एक दिन पहले फुटपाथ की छोटी दुकानों से लेकर मुख्य बाजारों के बड़े-बड़े शोरूम तक ग्राहकों के स्वागत के लिए रोशनी से जगमगा रहे हैं। बाजारों में जबर्दस्त रौनक देखने को मिली और देर रात तक लोग खरीदारी में मशगूल रहे। सराफा, ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड गारमेंट्स और पूजन सामग्री के कारोबारियों के चेहरों पर उत्साह देखते ही बन रहा है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन नए बर्तन, धातु, सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण और वाहन खरीदना अत्यंत शुभ व फलदायी माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करने के लिए लोगों ने अपनी जेब और सुविधा के अनुसार खरीदारी की पूरी योजना बना रखी है।

धनतेरस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानों का स्टॉक पूरा करने और काउंटर सजाने में जुटे रहे। सराफा कारोबारियों से लेकर बर्तन और ऑटोमोबाइल डीलरों ने धनतेरस पर ग्राहकों को बिना किसी परेशानी के त्वरित डिलीवरी देने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

सराफा-बर्तन बाजार तैयार, फुटपाथों पर सजे तख्त

शहर के कमला बाजार, बागला कॉलेज मार्ग, मोती बाजार, नयागंज, सराफा बाजार और बैनीगंज में बर्तन व ज्वेलरी प्रतिष्ठानों पर विशेष सजावट की गई है। बर्तन व्यापारियों ने दुकानों के बाहर फुटपाथों पर तख्त लगाकर स्टील, पीतल, तांबे और आधुनिक ट्राई-प्लाई बर्तनों का विशाल संग्रह सजाया है। सराफा की दुकानों पर शुद्ध चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और हल्के वजन के जेवरों की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल शोरूम में वाहनों व होम एप्लायंसेज की प्री-बुकिंग कराने वालों की दिनभर भीड़ लगी रही, ताकि धनतेरस के शुभ मुहूर्त में सीधे डिलीवरी ली जा सके।

मिट्टी के लक्ष्मी-गणेश व सजावटी सामान से सजे बाजार

दिवाली पूजन के लिए मिट्टी के पारंपरिक लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की दुकानें शहर के प्रमुख मोड़ों और चौराहों पर सज चुकी हैं। स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाई गई आकर्षक और बहुरंगी मूर्तियों के साथ-साथ कोलकाता व दिल्ली से मंगाई गई डिजाइनर प्रतिमाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा घरों व दुकानों को संवारने के लिए आर्टिफिशियल फूलों की लड़ियां, तोरण द्वार, रंग-बिरंगी झालरें, डिजाइनर दीपक और गिफ्ट पैक की दुकानों पर भी ग्राहकों का भारी आकर्षण दिख रहा है।

देर रात तक गुलजार रहे ये बाजार

धनतेरस से एक दिन पहले ही बाजारों में त्योहार की पूरी चमक देखने को मिली। शहर के घंटाघर, नजिहाई बाजार, रामलीला मैदान, सर्कुलर रोड और नयागंज में खरीदारों की भीड़ रही। रेडीमेड वस्त्रों, जूता-चप्पल, मिठाई, खील-बताशे और सूखे मेवों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों का तांता लगा रहा। महिलाओं और युवाओं ने पूजन सामग्री के साथ-साथ परिधानों की जमकर खरीदारी की।

रोशनी से जगमगाने लगीं इमारतें

बाजारों के मुख्य प्रवेश द्वारों से लेकर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स और रिहायशी कॉलोनियों में आकर्षक फसाड लाइटिंग की गई है। शहर की सरकारी व ऐतिहासिक इमारतों, मंदिरों और चौराहों को रंग-बिरंगी एलईडी झालरों से सजाया गया है, जिससे शाम ढलते ही समूचा शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

बाजारों में की बैरिकेडिंग, वाहनों की नो-एंट्री

त्योहारी भीड़ के चलते शहर को जाम से बचाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस ने शहर के भीतर ई-रिक्शा, ऑटो और चारपहिया व मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। शहर के तालाब चौराहा, मुरसान गेट स्थित किशोर टॉकीज चौराहा, कमला बाजार, सादाबाद गेट और चामड़ गेट आदि प्रमुख स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जो वाहनों को बाहर ही रोककर पैदल खरीदारों के लिए सुगम रास्ता बना रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X