Kushinagar News:रिश्तेदार की बीमारी बताकर पुणे में युवक से 85 हजार साइबर ठगी – Youth In Pune Swindled Out Of 85,000 In A Cyber Fraud Involving A Fake Claim About A Relative’s Illness
साइबर ठग ने वॉट्सऐप पर कई क्यूआर कोड भेजा, झांसे में आकर भेज दिया रकम
पटहेरवा। साइबर ठगों ने रिश्तेदार की तबीयत खराब होने का झांसा देकर पुणे में रह रहे कुशीनगर के एक युवक से 85 हजार रुपये ठग लिए। ठग ने फोन कर उसके चचेरे बहनोई की बीमारी का हवाला देते हुए तत्काल एक लाख रुपये मांगे। भरोसे में आए युवक ने वॉट्सऐप पर भेजे गए क्यूआर कोड के जरिये कई बार में रकम ट्रांसफर कर दी। दूसरे भाई से बातचीत के बाद उसे ठगी का पता चला।
अमरवा बुजुर्ग निवासी संजीव गुप्ता पिछले पुणे में रहकर रोजगार कर रहा है। बृहस्पतिवार दोपहर उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उसके चचेरे बहनोई पवन की तबीयत बहुत खराब है। उसने इलाज के लिए तत्काल एक लाख रुपये की जरूरत बताते हुए रकम भेजने को कहा।
संजीव ने फोन करने वाले की बात पर भरोसा कर लिया। इसके बाद ठग ने वॉट्सएप पर कई क्यूआर कोड भेजे। संजीव ने इनके जरिये अलग-अलग किस्तों में कुल 85 हजार रुपये भेज दिए। शेष 15 हजार रुपये भेजने के लिए उसने अपने दूसरे भाई से संपर्क किया और बहनोई की तबीयत खराब होने की जानकारी दी।
भाई से बातचीत में पता चला कि परिवार में किसी की तबीयत खराब नहीं है। इसके बाद संजीव को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ। उसने ठगों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो सकी।
संजीव के भाई अनिल गुप्ता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पटहेरवा थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से साइबर थाने में शिकायत की गई है। साइबर टीम मामले की जांच कर रही है।
