Saharanpur News:टेंडर को लेकर पार्षद के घर पर धावा, आरोपियों ने घेरकर पीटा, प्राथमिकी – Raid On Councillor’s House Over A Tender; Accused Surrounded And Beat Him Up; Fir Registered
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र की रोहिणी गार्डन कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण के टेंडर को लेकर विवाद गहरा गया। वार्ड-27 के पार्षद वीर सैन कुमार ने कॉलोनी के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, पत्नी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने चार नामजद व 18 से 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पार्षद वीर सैन कुमार ने तहरीर देकर बताया कि रोहिणी गार्डन कॉलोनी अनधिकृत कॉलोनी है। काफी प्रयासों के बाद श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर के सामने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए पानी की निकासी का टेंडर स्वीकृत हुआ था। इसी टेंडर के तहत मंदिर के सामने जलनिकासी का कार्य कराया जाना था। आरोप है कि चार नवंबर को राघव ढींगरा अपने सात-आठ अज्ञात लोगों को लेकर घर पहुंचा। आरोप है कि राघव और उसके साथ आए लोगों ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की। उनके साथ भी अभद्रता की गई। तब वह किसी काम से चंडीगढ़ चले गए थे।
चंडीगढ़ से लौटने के बाद राघव ढींगरा का फोन आया। पार्षद ने राघव को कार्यालय पर बुलाया। आरोप है कि रात में राघव ढींगरा, विकास, आशु समेत 18 से 20 युवक उनके घर पहुंचे। पत्नी के साथ गाली-गलौज की गई। शोर सुनकर पार्षद कमरे से बाहर आए और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि टेंडर स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा, लेकिन आरोपी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। जांच अधिकारी उप निरीक्षक रविंद्र नागर ने बताया कि राघव ढींगरा, विकास के दो बेटों, आशु और 18 से 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
