Raebareli News:बिना नीलामी सिल्ट चोरी के मामले में एक्सईएन से जवाब तलब – Explanation Sought From Xen In Case Of Silt Theft Without Auctionexplanation Sought From Xen In Case Of Silt Theft Without Auction
रायबरेली। शारदा सहायक नहर पर कई जगह सिल्ट चोरी के मामले को भले ही सिंचाई विभाग के अधिकारी दबाने में जुटे हैं, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। सिंचाई खंड रायबरेली के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार से जवाब मांगा है। अब तक कितनी सिल्ट निकाली गई, इसका कहां इस्तेमाल किया गया। इसका ब्यौरा तलब किया गया है। प्रशासन की सख्ती के बाद सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों में खलबली मची है।
शारदा सहायक नहर की करीब तीन करोड़ रुपये से झाड़ियों व सिल्ट की सफाई होनी है। पहले चरण में 20 किलोमीटर सफाई कराई जानी है। कई जगह निकाली गई सिल्ट गायब हो गई। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत से सिल्ट बेची जा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि निकाली गई सिल्ट से नहर की पटरी पर मेड़बंदी और जर्जर पटरी की भराई करानी है, ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो। इसके साथ शेष बची सिल्ट की नीलामी होनी है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। अमर उजाला ने तीन अक्तूबर को बिना नीलामी बेची जा रही सिल्ट शीर्षक से खबर प्रकाशित की। खबर छपने के बाद प्रशासन से इसे गंभीरता से लिया। डीएम सरनीर कौर ब्रोका ने सिल्ट गायब होने के मामले को गंभीरता से लिया है। कहा कि एक्सईएन से जवाब मांगा गया है।
