शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बस्ती

Basti News:शराब में मिलावट, मॉडल शाॅप समेत दो दुकानों के लाइसेंस निरस्त – Adulteration In Liquor: Licenses Of Two Shops, Including A ‘model Shop’, Cancelled

November 7, 2026


बस्ती। शराब की दुकानों में मिलावट का धंधा सामने आया है। शुक्रवार को दो दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। इसके पहले सोमवार को मुंडेरवा में कंपोजिट दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया था।

बृहस्पतिवार को कलवारी के कुसौरा में कंपोजिट दुकान और सिविल लाइन के मॉडल शॉप में मिलावटी शराब जब्त की गई। पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया गया।

शहर के कचहरी चौराहा स्थित मॉडल शॉप में बृहस्पतिवार देर रात तक छापेमारी चली। डीएओ राजेश कुमार, आबकारी निरीक्षक सुनील त्यागी की टीम ने बोतलबंद शराब की जांच की। पता चला कि विभिन्न ब्रांड की अलग-अलग शीशियों में मिलावटी शराब बेचने के लिए रखी गई थी। मौके पर रॉयल स्टेज ब्रांड का दस अद्धा, 13 पौवा, इंपीरियल ब्लू का 10 अद्धा 10 पौवा, आइकोनिक वाइट का 1 बोतल, 12 अद्धा नकली पाया गया। इनकी कीमत 214550 रुपये बताई गई। टीम ने बरामद शराब को जब्त कर लिया।

मॉडल शॉप से पांच अदद सील सर्व मुहर, एक नमूना मुहर भी मिली। मौके पर संतकबीरनगर जिले के भरौहिया गांव निवासी सेल्समैन सत्येंद्र शर्मा 31 वर्ष को पकड़ा गया। टीम ने उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में पता चला कि मॉडल शॉप के अंदर ही शराब की शीशी खोलकर उसमें पानी मिलाया जाता था। बाद में उसे सील पैक कर दिया जाता था। इस मामले में आबकारी निरीक्षक सुनील त्यागी की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर गिरफ्तार सेल्समैन के अलावा गोरखपुर के बसारतपुर निवासी अनुज्ञापी गीता सिंह पत्नी दिनेश कुमार एवं बिहार के विशुनपुर पिपरही सरन निवासी गंगा प्रसाद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। शुक्रवार को डीएओ ने संबंधित मॉडल शॉप का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया है। यह मॉडल शॉप बंद करा दिया गया है।

बहादुरपुर संवाद के अनुसार, आबकारी टीम कुसौरा बाजार स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर छापा मारा। यहां भी अलग-अलग ब्रांड की मदिरा में पानी मिलाकर बेचने का मामला सामने आया है। छापेमारी के दौरान टीम ने अलग-अलग ब्रांड की शराब के रंग में अंतर पाया। बोतल खोलकर जांच की गई तो गंध भी सामान्य से अलग मिली। डिजिटल एल्कोहल मीटर से परीक्षण में शराब की तीव्रता मानक से कम पाई गई। मदिरा में पानी मिलाए जाने की पुष्टि हुई। विक्रेता रोहित रावत निवासी रूरूखास, थाना बीकापुर, अयोध्या से पूछताछ की गई तो उसने शराब में पानी मिलाकर बेचने की बात स्वीकार की।

तहरीर के मुताबिक, आरोपी अद्धा और पौवा की बोतलों में पानी मिलाता था। इससे रोजाना 400 से 500 रुपये की अतिरिक्त कमाई होती थी। इस काम में दुकान का अनुज्ञापी प्रहलाद निवासी रुस्तमपुर, थाना इब्राहिमपुर, अंबेडकरनगर भी शामिल था।

आबकारी टीम ने विक्रेता को हिरासत में लेकर अलग-अलग ब्रांड की 22 बोतल शराब जब्त कर ली। दुकान में बिक्री के 23,280 रुपये भी बरामद हुए। कलवारी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X