Pratapgarh News:बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त कर्मचारी से 31 लाख की ठगी – Retired Employee Swindled Out Of 31 [thousand/lakh/crore] On The Pretext Of Securing A Job For His Son
बेटे को शिक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर सेवानिवृत्त कर्मचारी से 31 लाख रुपये की ठगी की है। पैसा मांगने पर आरोपियों ने बाउंस चेक थमा दिया। विरोध करने पर जान से मारने की भी धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
प्रयागराज निवासी शिशिर मिश्रा शिक्षा विभाग में स्टेनो के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने अपर सिविल जज की कोर्ट में दायर वाद में बताया कि विभागीय कार्यों के सिलसिले में उनकी मुलाकात भोपालपुर निवासी अशोक मिश्र से हुई। अशोक मिश्र इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में कार्यरत है।
आरोप है कि अशोक मिश्र ने उनके बेटे को शिक्षक की नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। वर्ष 2018 में उनसे 31 लाख रुपये लिए। पैसे लेने में वसीम अहमद ने भी सहयोग किया। नौकरी न मिलने पर पैसे की मांग की गई। इसके बाद ठगों ने तीन चेक थमा दिए।
बैंक में चेक बाउंस हो गए। फोन पर चेक बाउंस की जानकारी देने पर ठगों ने जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
