Mohali News:70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों के लिए अंडर-17 महिला क्रिकेट टीम का कैंप शुरू – Camp For The Under-17 Girls’ Cricket Team For The 70th National School Games Begins
राष्ट्रीय स्कूल खेलों के लिए अंडर-17 लड़कियों का क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर जारी
मोहाली। 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों के तहत अंडर-17 लड़कियों की क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर चैंपियन क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपनी प्रतिभा निखारने में जुटी हैं। इसका मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को शारीरिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है। शिविर में मोहाली के कोच कृष्ण गोपाल मेहता खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इसके अलावा टीम भावना, आपसी तालमेल और मैदान पर बेहतर रणनीति बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभ्यास सत्रों के दौरान प्रत्येक खिलाड़ी के प्रदर्शन का आकलन कर उनकी कमजोरियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में जालंधर की शरनदीप कौर को मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों से जुड़े जरूरी समन्वय का कार्य संभाल रही हैं। राष्ट्रीय स्कूल खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रही हैं। इस शिविर से उन्हें अपनी खेल क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
