शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bahraich News:महालक्ष्मी के स्वागत की तैयारी पूरी, जगमग हुए घर और बाजार – Preparations To Welcome Goddess Mahalakshmi Are Complete; Homes And Markets Are All Lit Up
बहराइच

Bahraich News:महालक्ष्मी के स्वागत की तैयारी पूरी, जगमग हुए घर और बाजार – Preparations To Welcome Goddess Mahalakshmi Are Complete; Homes And Markets Are All Lit Up

November 7, 2026


बहराइच। पंच पर्व दीपावली का उल्लास और उमंग शनिवार को शहर से लेकर गांवों तक दिखाई दिया। छोटी दीपावली पर शाम होते ही घर और प्रतिष्ठान रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से जगमगा उठे। बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर खुशियां मनाईं तो महिलाओं ने घरों में दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की। बाजारों में भी पर्व की रौनक दिखाई दी। महालक्ष्मी के स्वागत के लिए घरों और प्रतिष्ठानों में दिनभर तैयारियां चलती रहीं।

जिले में मुख्य दीपावली रविवार को मनाई जाएगी। इसके एक दिन पहले शनिवार को छोटी दीपावली यानी नरक चतुर्दशी परंपरागत तरीके से मनाई गई। शाम ढलते ही घरों की छतों, बालकनी और दुकानों पर लगी झालरें रोशनी बिखेरने लगीं। कई स्थानों पर मोमबत्तियां और दीप भी जलाए गए। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर उत्साह दिखा। आतिशबाजी का दौर भी शुरू हो गया। शहर के पानी टंकी चौराहा, छोटी बाजार और घंटाघर बाजार में लैया-चूरा और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोग पहुंचे।

पंडित नारायण शरण दीक्षित ने बताया कि रविवार को दीपावली के मौके पर महालक्ष्मी पूजन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदोष काल / वृषभ लग्न (गृहस्थों के लिए) शाम 5:54 बजे से शाम 7:50 बजे तक है। दिन में कुंभ लग्न में व्यापार और बहीखाता पूजन के लिए दोपहर 01:27 बजे से दोपहर 02:54 बजे तक पूजा अर्चना का मुहूर्त है। जबकि सिंह लग्न में निशीथ काल में विशेष साधना के लिए रात 12:25 बजे से रात 02:42 बजे तक महा लक्ष्मी की पूजा का योग है।

दिनभर बाजार में रही गहमागहमी, जमकर हुई खरीदारी

नरक चतुर्दशी के मौके पर दिवाली से एक दिन पूर्व शनिवार को बाजार गुलजार रहे, मिठाई, फूल माला और गणेश लक्ष्मी प्रतिमाओं की जमकर बिक्री हुई। मिठाई विक्रेता अनुराग ने कहा कि इस बार सूखी मिठाइयों की डिमांड अधिक रही। फूल विक्रेता गणेश ने बताया कि गेंदे के फूल की लड़ियां जमकर बिकीं। चौ बाजार, पीपल चौराहा और स्टीलगंज तालाब बाजार के निकट स्थापित गणेश लक्ष्मी प्रतिमाओं की बिक्री के लिए दिनभर लोग उमड़ते रहे। प्रतिमा विक्रेता शिवकुमार और रामजी ने बताया कि 20 रुपये से लेकर पांच हजार तक की गणेश लक्ष्मी की प्रतिमा बाजार में उपलब्ध रही। 200 से 600 रुपये की प्रतिमाओं की जबर्दस्त बिक्री हुई।

अधिकारियों ने की शांति और सुरक्षा के साथ पर्व मनाने की अपील

जिलाधिकारी राजेश पांडेय ने कहा कि प्रकाश पर्व दीपावली सभी के जीवन में उजियारा फैलाए। लोग पर्व को सकुशल और अच्छे ढंग से मनाएं तथा खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा करें। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और दीपावली को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि पटाखों का प्रयोग करते समय स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखें।

तेज आवाज वाले पटाखे न फोड़ें और आपस में मिलजुलकर पर्व मनाएं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा कि दीपावली एकता और सौहार्द का संदेश देती है। भगवान राम के जीवन आदर्शों से सीख लेकर अपने कर्तव्यों का पालन करें। सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखकर पर्व की खुशियां दोगुनी करें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X