शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:आज मनाई जाएगी दिवाली, सज गया शहर – Diwali Will Be Celebrated Today; The City Is All Decked Up

November 8, 2026


दिवाली पर घर जाने वालों की भीड़, बसें पकड़ने के लिए लगाई दौड़

ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को धक्का-मुक्की, सामान लेकर पहुंचे यात्रियों की भीड़ से प्लेटफॉर्म पर बढ़ी परेशानी

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। जिले में रविवार को दिवाली धूमधाम से मनाई जाएगी। शहर के सेक्टरों और सोसाइटियों में तैयारियां पूरी हो गई हैं वहीं हर स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल और दमकल विभाग तैयार है। शनिवार हो ही शहर रोशनी से जगमग नजर आया। दूसरी ओर दिवाली और छठ पूजा पर अपने गांव और घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन और बल्लभगढ़ बस अड्डे पर देखने को मिली। बस और ट्रेन में सवार होने के लिए लोग एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आए। वहीं यात्रियों को जब बसों में सीट नहीं मिली तो छतों पर चढ़ गए। वहीं कई रूटों पर बसें पकड़ने के लिए यात्री दौड़ लगाते नजर आए।

शनिवार को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री सामान लेकर पहुंचे। ट्रेन आते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। कोई परिवार के साथ तो कोई अकेले बैग और गठरी लेकर ट्रेन में जगह तलाशता नजर आया। जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री ट्रेन के दरवाजे पर ही फंस गए और पीछे से आने वाले लोग भी अंदर जाने की कोशिश करते रहे।

त्योहार पर घर जाने की जल्दी और ट्रेनों में भीड़ के कारण प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था जैसी स्थिति दिखाई दी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भीड़ के बीच ट्रेन में चढ़ने में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री अपने साथ बैग, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान लेकर सफर करने पहुंचे थे। दिवाली के बाद छठ पूजा के लिए बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करना और सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाना बड़ी चुनौती है। भीड़ के दौरान जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने की कोशिश हादसे का कारण भी बन सकती है। आरपीएफ थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। स्टेशन पर जवानों की निगरानी रहेगी और भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बस अड्डे पर रहा अफरातफरी का माहौल

बल्लभगढ़ बस अड्डे पर भी अफरा-तफरी का माहाैल रहा। लोग अलीगढ़, आगरा, मथुरा, भरतपुर की बसों में सवार होने के लिए दौड़ लगाते हुए नजर आए। जैसे ही बस आती तो लोग उसमें सवार होने के लिए दौड़ने लगते हैं। जब यात्रियों को बसों में चढ़ने के लिए जगह नहीं मिली तो बसों की छत पर सवार हो गए। हालांकि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन की ओर से इंटर स्टेट रूटों पर 50 अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया था। इसके बावजूद कई बसों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करते हुए नजर आए।

डिपो के ड्यूटी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि त्योहार के चलते यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। इसे देखते हुए अलीगढ़ व आगरा सहित विभिन्न लंबे रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। इनमें अलीगढ़ और आगरा रूट शाम चार बजे तक 50 से अधिक अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया । उधर, जीएम जितेंद्र ने बताया कि त्योहार को देखते हुए 12 नवंबर सभी चालक और परिचालक की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X