शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Noida News:ग्रेटर नोएडा की सड़कों और गांवों में रोशनी से मनी दिवाली – Diwali Celebrated With Lights Across The Streets And Villages Of Greater Noida
नोएडा

Noida News:ग्रेटर नोएडा की सड़कों और गांवों में रोशनी से मनी दिवाली – Diwali Celebrated With Lights Across The Streets And Villages Of Greater Noida

November 8, 2026


– 80 मीटर रोड, सेक्टरों और प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट व डेकोरेटिव लाइटें कराई गईं चालू

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में दिवाली पर सड़कें, प्रमुख चौराहे और ग्रामीण इलाके रोशनी से जगमगाए। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अभियान चलाकर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया और कई जगह नई लाइटें लगवाईं। अमर उजाला ने पांच नवंबर को ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की सड़कों पर पसरे अंधेरे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद सीईओ रवि कुमार एनजी ने अधिकारियों को स्ट्रीट लाइटें चालू कराने और चौराहों को रोशन करने के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत विभाग ने अभियान चलाकर काम शुरू कराया।

ग्रेनो वेस्ट के 80 मीटर रोड, सेक्टर-12, सेक्टर-2, सेक्टर-3, टेकजोन-4 और पतवाड़ी में हाईमास्ट और अन्य स्ट्रीट लाइटें चालू कराई गईं। वहीं, वर्क सर्कल-1 की ओर से बिसरख, ऐमनाबाद, तिलपता, भोला रावल और मिलक लच्छी समेत कई गांवों में भी प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की गई।

सूरजपुर-कासना रोड पर मोजरबियर रोटरी से घंटाघर चौक तक आकर्षक डेकोरेटिव लाइटें जलाई गईं। परी चौक, अल्फा रोटरी, ईकोटेक-12 रोटरी और प्राधिकरण रोटरी समेत प्रमुख स्थानों को भी रोशनी से सजाया गया। दीपक की डिजाइन वाली बंद लाइटों को भी ठीक कराया गया।

एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सभी अंधेरे वाले स्थानों को रोशन करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X