शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:नाबालिग से कई साल शोषण, जबरन गर्भपात, पुलिस जांच में जुटी – Minor Subjected To Years Of Abuse And Forced Abortions; Police Investigation Underway

November 8, 2026


मुरादनगर। क्षेत्र निवासी एक युवती ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने बताया कि नाबालिग अवस्था में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण किया गया।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2019 में उसकी एक सहेली से दोस्ती हुई थी। वर्ष 2020 में सहेली ने उसे अपने भाई से मिलवाया, जिसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि वर्ष 2022 में जब युवती करीब 15 वर्ष की थी, तब युवक ने घर बुलाकर उससे जबरन दुष्कर्म किया। उसने अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती को चुप करा दिया। इसके बाद युवक उसे अलग-अलग स्थानों और होटलों में ले जाकर शोषण करता रहा। जून माह में आरोपी उसे राजनगर के एक होटल में ले गया और परिवार को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जुलाई में युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर उसने आरोपी और उसकी बहन को बताया। युवक के परिजनों ने भी उसे धमकाया।

अगस्त माह में आरोपी युवती को जबरन कार में बैठाकर मेरठ के ब्रह्मपुरी स्थित निजी नर्सिंग होम ले गया। वहां उसे बेहोश करके उसकी सहमति के बिना ऑपरेशन द्वारा गर्भपात करा दिया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के बावजूद उसी शाम उसे अस्पताल से छुट्टी दिलाकर मुरादनगर छोड़ दिया गया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोपी के परिजनों और कार से जुड़े अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की अपील की। नर्सिंग होम के मेडिकल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की भी मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X