दीपावली 2026:बिहार के इन दो गांवों में 125 साल से एक दिन पहले मनाई जाती है दिवाली, जानें अनोखी परंपरा – Bihar News : Diwali Celebrated One Day Earlier Two Village 125 Years
देशभर में जहां रविवार को दीपावली मनाई जाएगी, वहीं बिहार के दरभंगा जिले के दो गांवों में शनिवार को ही दीपों का त्योहार मनाया जा रहा है। बेनीपुर अनुमंडल के नवादा और बहेड़ी प्रखंड के पघारी गांव में करीब 125 साल पुरानी परंपरा के अनुसार दिवाली एक दिन पहले मनाई जाती है। यहां के लोगों के लिए यह परंपरा सिर्फ त्योहार मनाने की तारीख तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों की विरासत का हिस्सा बन चुकी है।
नवादा गांव में मां हयहट देवू भगवती की आराधना से जुड़ी है परंपरा
नवादा गांव में दिवाली एक दिन पहले मनाने के पीछे मां हयहट देवू भगवती की आराधना से जुड़ी मान्यता है। गांव के बुजुर्गों के मुताबिक, यहां के आदि पुरुष पंडित रत्नाकर झा ने दिवाली से एक दिन पहले मां भगवती की पूजा-अर्चना की थी। उनकी भक्ति की स्मृति में यह परंपरा शुरू हुई, जो पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है। एक अन्य लोकमान्यता के अनुसार, दरभंगा महाराज के राजदरबार में भी दिवाली एक दिन पहले मनाई जाती थी। इन गांवों के पूर्वजों का दरभंगा राजघराने से गहरा संबंध था। ऐसे में माना जाता है कि राजदरबार की यह परंपरा धीरे-धीरे गांवों में भी प्रचलित हो गई।
पघारी गांव में कार्तिक चतुर्दशी को दिवाली मनाने की परंपरा
बहेड़ी प्रखंड के पघारी गांव में भी दिवाली एक दिन पहले मनाई जाती है। यहां कार्तिक चतुर्दशी को दीपोत्सव मनाने की परंपरा है। ग्रामीणों के बीच इस दिन को लेकर कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं। कुछ लोगों का मानना है कि कार्तिक अमावस्या को बजरंगबली का जन्म हुआ था, इसलिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्रदेव के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाने की कथा भी इस परंपरा से जोड़ी जाती है। ग्रामीणों के बीच भगवान विष्णु के वामन अवतार और राजा बलि से जुड़ी मान्यता भी प्रचलित है। इसके अनुसार, दीपावली का पर्व पांच दिनों तक अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है।
दीयों की रोशनी के साथ होती है विशेष पूजा, उल्काफेरी है खास
नवादा और पघारी गांवों में दिवाली की रात भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलता है। घर-आंगन दीयों की रोशनी से जगमगा उठते हैं। बच्चे आतिशबाजी करते हैं और लोग माता लक्ष्मी की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इन गांवों की सबसे खास परंपराओं में उल्काफेरी शामिल है। इसके तहत दीप जलाने के दौरान भगवती के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना और परिक्रमा की जाती है। इस धार्मिक परंपरा के कारण यहां दिवाली का उत्सव और भी खास हो जाता है। भले ही देश के बाकी हिस्सों में दिवाली एक दिन बाद मनाई जाती हो, लेकिन नवादा और पघारी गांवों के लोग अपनी पुरानी परंपरा को आज भी पूरी श्रद्धा से निभा रहे हैं। करीब 125 साल से चली आ रही यह विरासत इन गांवों की अलग पहचान बन चुकी है।
