शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन के सिद्धार्थ ने 111 मीटर के कैनवास पर बनाई शिव बारात, मांडना कला से 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए
हिंदी न्यूज़

उज्जैन के सिद्धार्थ ने 111 मीटर के कैनवास पर बनाई शिव बारात, मांडना कला से 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए

October 29, 2026


Last Updated:

उज्जैन के सिद्धार्थ भागचंदानी ने 111 मीटर लंबे कैनवास पर शिव बारात बनाकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया. 32 घंटे से अधिक चली इस कला साधना में उन्होंने मालवा की पारंपरिक मांडना कला को वैश्विक पहचान दिलाई.

Amazon Prime DayTop Deals Inside

बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में एक युवा कलाकार ने मालवा की पारंपरिक लोककला को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है. 26 वर्षीय सिद्धार्थ भागचंदानी ने 111 मीटर लंबे कैनवास पर भगवान शिव की बारात उकेरकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया. मध्यप्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कला साधना में सिद्धार्थ ने 32 घंटे 3 मिनट 42 सेकंड तक लगातार पेंटिंग बनाई. उन्होंने निर्धारित 108 मीटर के लक्ष्य को पीछे छोड़ते हुए 111 मीटर लंबे कैनवास पर अपनी कलाकृति पूरी की.

तीन श्रेणियों में मिला रिकॉर्ड का खिताब
रामघाट स्थित राणोजी की छतरी के नीचे 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में शिवभक्ति के साथ मालवा की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली. गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मनीष विश्नोई ने सिद्धार्थ को तीन श्रेणियों में रिकॉर्ड का खिताब दिया. इनमें लार्जेस्ट मांडना पेंटिंग क्रिएटेड बाय इंडिविजुअल, लार्जेस्ट फोक पेंटिंग मैराथन बाय इंडिविजुअल और लार्जेस्ट मांडना आर्ट पेंटिंग शामिल हैं. अब इस उपलब्धि को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है.

मां से सीखी कला, विदेश में हासिल की डिजाइन की शिक्षा
सिद्धार्थ का मांडना और संजा जैसी लोक कलाओं से जुड़ाव बचपन से रहा है. उन्होंने अपनी मां पल्लवी किशन से इस पारंपरिक कला की बारीकियां सीखीं. इसके बाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन से स्नातक की पढ़ाई की और स्कॉटलैंड में डिजाइन फॉर बिजनेस में एमएससी की, सिद्धार्थ के मुताबिक, उनका चयन हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के छह महीने के कोर्स के लिए भी हुआ है.

सात दिन के उपवास के बाद शुरू की कला साधना
सिद्धार्थ ने बताया कि इस आयोजन से पहले वह सात दिनों तक उपवास पर रहे, ताकि इसे साधना के रूप में पूरा कर सकें. प्रतिकल्पा इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर आयोजित इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक लोककला को आधुनिक माध्यमों से जोड़ना है. सिद्धार्थ मांडना चौपाल के संस्थापक भी हैं.

लोक परंपरा को युवाओं से जोड़ने की कोशिश
मांडना कला को आमतौर पर घरों के आंगन और दीवारों पर त्योहारों व मांगलिक अवसरों पर बनाया जाता है. सिद्धार्थ ने इसे ऐक्रेलिक रंगों और बड़े कैनवास के जरिए नया स्वरूप दिया. उनकी मां पल्लवी के अनुसार, इस कला के रूपांकनों में प्राचीन सभ्यताओं से जुड़ी समानताएं भी दिखाई देती हैं. शिव बारात की परिकल्पना में तुलसीदास की रामचरितमानस और कालिदास की रचनाओं से प्रेरणा ली गई. आयोजन में भजन जैमिंग भी रखी गई, ताकि युवा संगीत के साथ लोककला से जुड़ सकें. इस कलाकृति को तैयार करने में करीब 20 मार्कर और तीन लीटर ऐक्रेलिक रंग का उपयोग किया गया.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X