Tehri News:दो सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण को मिली मंजूरी – Approval Given For Improvement And Asphalting Of Two Roads
थत्यूड़ (टिहरी)। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने थत्यूड़-मराड़ मोटर मार्ग के लिए 4.90 करोड़ और ज्वारना-कस्यूड़ मोटर मार्ग के लिए 3.85 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। दोनों सड़कों के लिए कुल 8.75 करोड़ रुपये स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताते हुए शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
थत्यूड़-मराड़ मोटर मार्ग की लंबाई 19.600 किलोमीटर और ज्वारना-कस्यूड़ मोटर मार्ग की लंबाई 18.500 किलोमीटर है। ग्रामीण लंबे समय से उक्त दोनों सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग कर रहे थे। सड़कों का डामर उखड़ने से जगह-जगह गड्ढे बन गए थे जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी।
जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि भट्ट, महामंत्री खेमराज भट्ट, जयेंद्र बिजल्वाण, सुमेरचंद पंवार, बच्चन सिंह पंवार, शिवदास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार का आभार जताया। संवाद
