शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:गणेश-लक्ष्मी पूजन आज, खूब बिकीं मूर्तियां – Ganesh-lakshmi Puja Today; Idols See Brisk Sales

November 8, 2026


फर्रुखाबाद। दिवाली के त्योहार से पहले बाजारों में गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों के साथ फूलों की खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी। खरीदारों की संख्या इतनी अधिक थी कि देर रात तक सड़कों पर आवाजाही मुश्किल रही। प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा पर पाबंदी के बावजूद बाजारों में धक्का-मुक्की का माहौल रहा।

रविवार को दिवाली का पर्व मनाया जाएगा। शाम के समय घरों में गणेश और लक्ष्मी का पूजन होगा। इसी के चलते शहर की सभी सड़कों के साथ नगरों और कस्बों में मूर्तियों की दुकानें सजाई गईं। सुबह से ही खरीदारों का आना-जाना शुरू हो गया था। दोपहर बाद से देर रात तक भीड़ बनी रही। लालगेट से बीबीगंज और नाला मछरट्टा से रेलवे स्टेशन तक देर रात तक निकलने में दिक्कत हुई। मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, संकिसा, शमसाबाद, कमालगंज जैसे नगरों और अमृतपुर, राजेपुर, मुरहास, याकूतगंज जैसे कस्बों में भी खूब खरीदारी हुई। बाजारों में उचक्कों पर नजर रखने के लिए सादा वर्दी में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था।

फूलों की बिक्री और दाम

पूजन के साथ घरों की सजावट के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने फूलमाला खरीदी। ग्राहकों की भारी भीड़ को देखते हुए दुकानदारों ने दाम बढ़ा दिए। दो दिन पहले तक 50 रुपये में मिलने वाली माला 75 रुपये में बेची गई। शनिवार शाम को कोतवाली के पीछे फूलमंडी में माल खत्म हो गया। जिन दुकानदारों के पास फूल बचे थे, उन्होंने मनमाना मुनाफा कमाया।

आर्टिफिशियल फूलों और स्टिकर की मांग

लंबे समय तक चलने वाली आर्टिफिशियल फूलों की मालाएं लोगों को खूब पसंद आईं। अलग-अलग डिजाइन और रंग की इन मालाओं की अच्छी बिक्री हुई। दिवाली शुभकामना स्टिकर और रंगोली स्टिकर भी बाजार में कई तरह के उपलब्ध थे। इनकी भी खूब खरीदारी की गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X