Jaunpur News:सीएचसी आदमपुर की बायोमेट्रिक मशीन में छेड़छाड़ की आशंका – Suspicion Of Tampering With Chc Adampur’s Biometric Machine
करंजाकला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आदमपुर में बायोमेट्रिक मशीन से कथित छेड़छाड़ के कारण पिछले दो दिनों से कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है।
इसे गंभीरता से लेते हुए प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष जायसवाल ने केंद्र पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। उनसे दो दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। चिकित्सा प्रभारी की ओर से जारी पत्र में आशंका जताई गई है कि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर बायोमेट्रिक मशीन से छेड़छाड़ की है, जिससे ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था प्रभावित हुई है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं देने पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए संबंधित कर्मचारियों का वेतन बाधित करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष जायसवाल ने बताया कि ऑनलाइन हाजिरी लगाने वाली मशीन में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सभी कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है। जांच और उनके स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
