शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
झारखंड:मंदिर पर अपना-अपना दावा, फिर आमने-सामने आए दो गांवों के ग्रामीण; बुढ़वा महादेव परिसर में जमकर पथराव – Violent Clash Between Two Groups Over Control Of The Budha Mahadev Temple In Hazaribagh;
रांची

झारखंड:मंदिर पर अपना-अपना दावा, फिर आमने-सामने आए दो गांवों के ग्रामीण; बुढ़वा महादेव परिसर में जमकर पथराव – Violent Clash Between Two Groups Over Control Of The Budha Mahadev Temple In Hazaribagh;

November 8, 2026


Violent clash between two groups over control of the Budha Mahadev Temple in Hazaribagh;

पथराव करते ग्रामीण।

विस्तार

रांची। हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर पर अधिकार को लेकर दो गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। कांडतरी और गुरुचट्टी गांव के लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से सैकड़ों ग्रामीण जुट गए और जमकर पथराव हुआ। इस घटना में कुछ लोगों के आंशिक रूप से घायल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, बुढ़वा महादेव मंदिर पर अपना-अपना अधिकार जताने को लेकर कांडतरी और गुरुचट्टी गांव के ग्रामीणों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाने की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। इसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया। फिलहाल इलाके में शांति है, हालांकि दोनों गांवों के बीच तनाव बना हुआ है।

बड़कागांव के एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों गांवों के लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने त्योहार के मद्देनजर लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X