36वीं सीनियर राष्ट्रीय सेपक टकरा प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम ने डबल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है। स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में तीनों खिलाड़ी चरखी दादरी जिले के हैं। खिलाड़ियों के अपने जिले में पहुंचने पर अमेच्योर सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ चरखी दादरी के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
एसोसिएशन के प्रधान मास्टर संत कुमार ने बताया कि 36वीं सीनियर राष्ट्रीय सेपक टकरा प्रतियोगिता 30 अक्तूबर से 3 नवंबर तक ग्वालियर मध्य प्रदेश में हुई थी। इसमें हरियाणा टीम ने डबल इवेंट के फाइनल मुकाबले में केरल टीम को सीधे दो सेटों में हराकर स्वर्ण पदक जीता। पदक विजेता खिलाड़ियों में तीनों खिलाड़ी दादरी जिले से हैं जिनमें गुलशन व सोनू गांव डोहकी से व जितेश बिरही कलां निवासी है। एसोसिएशन के महासचिव एवं राष्ट्रीय रेफरी सुनील बंगालिया ने बताया कि खिलाड़ियों ने मुख्य कोच सुमित सरोहा व सहायक कोच दीपक चरखी दादरी, सुनील कुमार सोनीपत व टीम प्रबंधक नरेश कुमार ढिल्लों महेंद्रगढ़ व सपना भिवानी के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल कर अपने जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों के यहां पहुंचने पर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन कोषाध्यक्ष एवं एनआईएस कोच शमशेर रंगा, उपाध्यक्ष सतपाल मेच्चू, सुनील यादव, सह सचिव अंतरराष्ट्रीय रेफरी दशरथ रंगा, कार्यकारी सदस्य कप्तान पूनिया सहित अन्य पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस अवसर पर अनिल सांगवान, साहिल दहिया, विजेता दहिया, सोनिका पूनिया, द्रविड़, परविंदर मानकावास, कोमल, तन्नू, राधिका, रितिक, हर्ष आदि खेल प्रेमी उपस्थित रहे।