शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:गैर इरादतन हत्या व मारपीट के मामले में दो आरोपी बरी – Two Accused Acquitted In Case Of Culpable Homicide And Assault

November 8, 2026


औरैया। मारपीट व गैर इरादतन हत्या के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कैलाश कुमार की अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में आरोपी संदीप उर्फ कल्लू और रहीस को बरी कर दिया। मामला अछल्दा थाना क्षेत्र का था।

वादी मुकदमा अंजुल ने 10 अप्रैल 2018 को थाना अछल्दा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रंजिश के चलते आरोपियों ने घर में घुसकर उसके पिता ओमप्रकाश, ताऊ लल्लन सिंह और छिदानी देवी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। बाद में इस घटना में घायल बताए गए अर्जुन सिंह की कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की बढ़ोतरी की गई थी।

सुनवाई के दौरान विवेचक द्वारा तैयार किए गए नक्शा नजरी और गवाहों के बयानों में घटनास्थल को लेकर विरोधाभास पाया गया। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट 15 मिनट के अंतराल में तैयार किए जाने और मुख्य चिकित्सक के बजाय फार्मासिस्ट की ओर से गवाही कराए जाने से प्रक्रिया पर संदेह गहराया। मृत्यु के कारणों में अंतर: अस्पताल के मृत्यु प्रमाण पत्र में मौत का कारण सडन कार्डियाक अरेस्ट दर्ज था, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों को मौत का कारण बताया गया, जिससे अभियोजन की थ्योरी कमजोर पड़ी।

अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद निष्कर्ष निकाला कि अभियोजन पक्ष अभियुक्तों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा है, जिसके चलते दोनों आरोपियों को बरी कर दिया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X