Noida News:एयरपोर्ट परिसर में अक्तूबर में शुरू होगा थाने का निर्माण – Construction Of The Police Station Within The Airport Complex Will Begin In October
18 महीने लगेंगे, शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया हुई पूरी
नंबर गेम- 6.25 करोड़ होंगे खर्च
रोहित शर्मा
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में अक्तूबर में पुलिस थाने का निर्माण शुरू हो जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है। टेंडर होने के बाद अब कार्यदायी संस्था अक्तूबर में काम शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस थाने के साथ पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय परिसर भी बनाया जाएगा।एयरपोर्ट के अंदर थाने का निर्माण काम लगभग 6.25 करोड़ रुपये से किया जाएगा। इसका निर्माण काम पूरा करने की जिम्मेदारी मेरठ स्थित पीडब्ल्यूडी के मंडलीय कार्यालय की है। पीडब्ल्यूडी के मंडलीय कार्यालय की निगरानी में ही लगभग डेढ़ साल में थाने के निर्माण काम को पूरा कर लिया जाएगा। थाने के निर्माण के लिए प्राधिकरण की ओर से एयरपोर्ट परिसर के अंदर पुलिस विभाग को लगभग 5 एकड़ जमीन अलॉट की गई थी।
बता दें कि एयरपोर्ट की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए परिसर के अंदर दो थाने स्वीकृत हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यूपी का पहला ऐसा हवाई अड्डा है, जहां पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर के अंदर ही थाने हैं। इसमें पहला थाना जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल और दूसरा थाना जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल है। इन दोनों का ही निर्माण एयरपोर्ट कैंपस के अंदर किया जाना है। दोनों में से पहले डोमेस्टिक टर्मिनल थाने का निर्माण किया जा रहा है।
टीन के कंटेनरों में चल रहा है थाना
एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानें शुरू होने के बाद परिसर के अंदर अस्थायी रूप से टीन के कंटेनरों में थाने का संचालन किया जा रहा है। यहां थाना प्रभारी के साथ लगभग 45 पुलिस कर्मियों का स्टाफ तैनात हैं, जो परिसर के अंदर कानून व्यवस्था बनाए रखने का काम कर रहा है। एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही एडीसीपी की तैनाती भी है। एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के बाद थाना जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा।
तैयार किया जा रहा है बांड
थाने के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बांड तैयार हो रहे हैं। अक्तूबर से थाने का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कार्यदायी संस्था के लिए को निर्माण काम 18 महीने में पूरा करना होगा। -तृष पाल, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी मंडलीय कार्यालय, मेरठ
