शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ – Markets Illuminated With Colorful Lights; Crowds Throng For Shopping
बलिया

Ballia News:रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ – Markets Illuminated With Colorful Lights; Crowds Throng For Shopping

November 9, 2026


बलिया। दिवाली का त्योहार रविवार को शहर और आसपास के इलाकों में धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व की पूर्व संध्या पर शनिवार को बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल रही। सुबह से ही दुकानें खुल गईं और दिनभर खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। देर रात तक बाजार गुलजार रहे। उधर, लोगों ने घरों में पटाखे जलाकर छोटी दिवाली मनाई। पूजा सामग्री से लेकर लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं तक की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। शुभ-लाभ के स्टीकर, प्लास्टिक के फूल और सजावटी सामान की भी खूब बिक्री हुई। शहर के शहीद पार्क चौक, सिनेमा रोड, कासिम बाजार, रेलवे स्टेशन मार्ग, रामपुर और आर्य समाज रोड पर देर शाम तक लोग खरीदारी करते नजर आए। इस बार बाजार में रंग-बिरंगी लाइटें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

स्मार्ट लाइटों की बढ़ी मांग, कीमत 1250 रुपये तक

बाजार में मल्टी वार्म रोप (50 मीटर) की कीमत 1250 से 1450 रुपये, ब्लू शेप झालर की 300 से 500 रुपये, 60 मीटर झालर की 240 रुपये और 100 मीटर झालर की कीमत 650 से 700 रुपये तक है। रंगीन बल्ब 70 से 150 रुपये तक में बिक रहे हैं। डिजाइनर झालरों के साथ स्मार्ट होम लाइटिंग सिस्टम की मांग भी बढ़ी है। ये जानकारी देते हुए दुकानदार अभिषेक कुमार ने बताया कि इस बार लोग स्मार्ट लाइटों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। ये घर को खूबसूरत बनाने के साथ बिजली की बचत में भी मददगार हैं।

मिट्टी के दीयों से लेकर डिजाइनर सजावटी सामान की धूम

सजावटी सामान की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। दीये, मोमबत्तियां, रंगोली के रंग, फूलों की मालाएं और हस्तनिर्मित सजावटी सामान लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। पारंपरिक मिट्टी के दीयों से लेकर डिजाइनर दीयों तक की कई किस्में बाजार में उपलब्ध हैं। घरों के प्रवेश द्वार को सजाने के लिए फूलों की झालरों की भी खूब बिक्री हो रही है।

400 से 1500 रुपये तक बिक रहे मिठाइयों के गिफ्ट पैक

दिवाली पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के चट्टी-चौराहों तक मिठाई की दुकानें सज गई हैं। नए-नए स्वाद और रंगों की मिठाइयां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। तरह-तरह के आकार में तैयार मिठाइयों की मांग अधिक है। इस बार गिफ्ट पैकिंग में मिठाइयों की बिक्री भी खूब हो रही है। रंगीन पन्नियों से सजे इन पैकेटों में अलग-अलग खानों में विभिन्न रंगों और स्वादों की मिठाइयां रखी जा रही हैं। मिठाइयों के थोक विक्रेता चंदन गुप्ता ने बताया कि मिठाइयों के गिफ्ट पैक 400 रुपये से शुरू होकर 1500 रुपये तक हैं।

पटाखों की दुकानों पर उमड़ी भीड़, 30 से 40 फीसदी महंगे हुए पटाखे

बलिया। दिवाली को लेकर नगर के पॉलीटेक्निक स्कूल परिसर में लगी पटाखों की दुकानों पर शनिवार सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिन चढ़ने के साथ ही दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ती गई। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक-एक दुकान पर पटाखों की बिक्री के लिए चार से छह लोग लगे रहे। खरीदारों की अच्छी संख्या से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। इस बार बाजार में पटाखों की कई नई और आकर्षक किस्में भी उपलब्ध रहीं। मुर्गा छाप, लाइटर, रॉकेट, बुलेट, चकरी, चटाई और तरह-तरह के बम बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंद बने रहे। लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार जमकर पटाखों की खरीदारी की। सुबह से देर शाम तक दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। पटाखा विक्रेता आकाश कुमार पटेल, फरजान, शाबिर और अशोक गुप्ता ने बताया कि इस बार पटाखों के दाम पिछले वर्ष की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। इसके बावजूद दिवाली को लेकर लोगों में खरीदारी का उत्साह बना हुआ है।

दिवाली के दिन 24 घंटे रहेगी बिजली, फाल्ट तत्काल ठीक करने को लाइनमैन रहेंगे एक्टिव

बलिया। दिवाली पर इस बार अंधेरा नहीं रहेगा। शासन की तरफ से दशहरा से शहर में 24 घंटे वह ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे तक बिजली देने का निर्देश है। दिवाली के दिन 24 घंटे बिजली सप्लाई जारी रखने के लिए बिजली विभाग ने कमर कस ली है। इसके लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लाइनमैन को पूरी तरह से एक्टिव रखा गया है। किसी तरह का फाल्ट आने पर तत्काल दूर किया जाएगा। शहर क्षेत्र के एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि बिजली सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी। अधीक्षण अभियंता इंजीनियर प्रदीप वर्मा ने बताया कि जिले के 14 विद्युत उपकेंद्रों पर अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर रखे गए। 187 लाइनमैन और 22 गैंग को अलर्ट पर रखा गया है। छुट्टी रद कर दी गई है। हर तहसील में 2-2 फाल्ट ठीक करने वाली मोबाइल वैन सक्रिय रहेगी। कंट्रोल रूम नंबर 1912 पर 24 घंटे शिकायत ली जाएगी। शहर के चौक, स्टेशन, बांसडीह, रसड़ा बाजार में लोड ज्यादा रहता है। क्षेत्र पर विशेष नजर रहेगी। दिवाली पर लगभग 30 से 40 प्रतिशत अधिक बिजली की खपत होती है।

नगर के शहीद पार्क चौक में दीपावली पर्व के लिए मां लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खरीदारी करते लोग

नगर के शहीद पार्क चौक में दीपावली पर्व के लिए मां लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खरीदारी करते लोग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X