Pratapgarh News:इसी माह से छह लेन पुल पर फर्राटा भरेंगे वाहन – Vehicles Will Be Zipping Across The Six-lane Bridge Starting This Month
गंगा नदी पर निर्माणाधीन स्टेनली रोड से मलाक हरहर छह लेन पुल पर इसी माह से वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। कार्यदायी संस्था का दावा है कि 25 से 30 नवंबर के बीच प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली एक लेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, नए साल तक दोनों लेन पर वाहन दौड़ने लगेंगे।
28 से 31 अक्तूबर तक चक्रवाती तूफान अर्नब की वजह से पुल के निर्माण में खलल पड़ा है। कार्यदायी संस्था एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट निदेशक सुनील सिंगला ने बताया कि अर्नब की वजह से सड़क निर्माण में दिक्कत आई है। इसकी वजह से काम प्रभावित हुआ है। पुल पर वाहन उद्घाटन होने तक बिना टोल के टैक्स के दौड़ सकेंगे।
पुल पर गाड़ी के बिना रुके टोल कटने की प्रणाली (मल्टी-लेन फ्री-फ्लो) टोलिंग सिस्टम या बैरियर-फ्री टोलिंग लगने जा रहा है। ऐसे में हवा से बातें कर रहे वाहनों का कब टोल कट जाएगा, पता भी नहीं चलेगा।
यह एक अत्याधुनिक टोल सिस्टम होगा। टोल के लिए कोई बैरियर व स्थान का निर्माण नहीं किया जाएगा। सड़क के किनारे लगे एआई कैमरे सड़क पर दौड़ते वाहनों के फास्ट टैग व नंबर प्लेट को स्कैन कर लेंगे। इसके अलावा पैसा न होने की वजह से अगर टोल नहीं कटता है, तो वाहन स्वामी के मोबाइल पर 72 घंटे के भीतर नोटिस पहुंच जाएगा।
टोल का संचालन सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) की तरफ से किया जाएगा। टोल की स्थापना मलाक हरहर की तरफ होगी। हालांकि टोल के आसपास वाहनों की स्पीड को 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार के आसपास करनी होगी।
पुल के बनने से लाभ
छह लेन पुल के बनने से प्रयागराज से लखनऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या व गोरखपुर का सफर आसान हो जाएगा। लोगों को शहर के जाम से छुटकारा मिलेगा और कम समय में उनका सफर पूरा होगा। वहीं, फाफामऊ शहीद चंद्रशेखर आजाद पुल पर यातायात का दबाव भी कम होगा। इतना ही नहीं, तेलियरगंज, गोविंदनगर, फाफामऊ व शांतिपुरम में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
चक्रवाती तूफान अर्नब की वजह से सड़क निर्माण में डामर का काम प्रभावित हुआ था। बावजूद इसके इसी महीने से पुल की एक लेन शुरू हो जाएगी। उद्घाटन तक पुल पर कोई टोल टैक्स नहीं लगेगा। – सुनील सिंगला, परियोजना निदेशक, एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड
