शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
इटावा:दीपावली की रात आग का कहर, पांच दुकानें जलकर राख, पूजा करने गई बुजुर्ग महिला झुलसी – Etawah: Fire Wreaks Havoc On Diwali Night; Five Shops Reduced To Ashes
इटावा

इटावा:दीपावली की रात आग का कहर, पांच दुकानें जलकर राख, पूजा करने गई बुजुर्ग महिला झुलसी – Etawah: Fire Wreaks Havoc On Diwali Night; Five Shops Reduced To Ashes

November 9, 2026


Etawah: Fire wreaks havoc on Diwali night; five shops reduced to ashes

आग से जली दुकानें

दीपावली की रात जिले में आग लगने की चार घटनाओं में पांच दुकानें जलकर राख हो गईं, जबकि मंदिर में पूजा करने गई एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गई। दुकानों में आग लगने से लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। झुलसी महिला को गंभीर हालत में आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर किया गया है।

शहर में रविवार रात शास्त्री चौराहे के पास श्री बिहारी जी धाम अपार्टमेंट स्थित मेडिकल स्टोर में भीषण आग लग गई। दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से अपार्टमेंट के अन्य फ्लैट आग की चपेट में आने से बच गए। दुकान में जलता दीपक छोड़ने से आग लगने की आशंका जताई गई है।

दूसरी घटना अशोक नगर की पुरानी पीएसी गली में रात करीब 10 बजे हुई। यहां कॉस्मेटिक और टेलर की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। धुआं देखकर मोहल्ले के लोगों ने ताला तोड़कर शटर खोला, लेकिन तब तक दुकान का सामान जल चुका था। दुकान संचालिका प्रीति की दो सिलाई मशीनें और कॉस्मेटिक का पूरा सामान राख हो गया।वहीं, लवेदी थाना क्षेत्र के लवेदी गांव में आधार केंद्र समेत दो दुकानों में आग लग गई। इसमें कुलवंत का ग्राहक सेवा केंद्र भी शामिल है, जिसे वह पिछले 20 वर्षों से चला रहे थे। आग से लाखों रुपये का सामान जल गया। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया।

चौथी घटना लवेदी क्षेत्र के बसइयाहार गांव में हुई। यहां मंदिर में पूजा करने गईं सत्यवती की साड़ी में अचानक आग लग गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी सत्यवती को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X