मुजफ्फरनगर में दिवाली की रात एक भीषण सड़क हादसे में छह दोस्तों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसा पानीपत-खटीमा हाईवे पर बघरा बाईपास के पास हुआ। सभी युवक हरियाणा के हांसी जिले के रहने वाले थे और दिवाली मनाने के बाद हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
वेस्ट यूपी की खबरें:मुजफ्फरनगर में कार समेत जल गए छह दोस्त, मेरठ में पटाखे का धमाका बना मासूम की मौत का कारण – News From West Up: Six Friends Burned To Death Along With Their Car In Muzaffarnagar
ब्रह्मपुरी में पटाखे की आवाज से गिर बच्चे के सिर में लगी चोट, अस्पताल में मौत
मेरठ में दिवाली की रात पटाखे की तेज आवाज से घबराकर गिरे छह साल के मासूम की मौत हो गई। घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर की है। हर्ष रविवार रात अपने घर के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक तेज आवाज वाला पटाखा जला रहा था।
आरोप है कि पटाखे की तेज आवाज सुनकर हर्ष घबरा गया और अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पटाखे जलाने वाले युवक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट को मौत का कारण बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो भाइयों में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस, हेड कांस्टेबल को मारी तलवार
मेरठ में दो भाइयों के बीच विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर तलवार से हमला कर दिया गया। हमले में हेड कांस्टेबल हरेंद्र का हाथ कट गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की व्यास वाटिका की है। रविवार दोपहर राकेश ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका भाई अमरजीत उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अमरजीत को पूछताछ के लिए बुलाया, तभी आरोप है कि उसने तलवार निकालकर हेड कांस्टेबल हरेंद्र पर हमला कर दिया।
हरेंद्र ने हाथ से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन तलवार से उनका हाथ गंभीर रूप से कट गया। इसके बाद आरोपी अपने मकान में घुसकर गेट बंद कर लिया। घायल पुलिसकर्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने देर रात आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में आतिशबाजी से हवा जहरीली
दिवाली की आतिशबाजी ने वेस्ट यूपी की हवा को जहरीला बना दिया है। पटाखों के धुएं का असर सोमवार सुबह तक दिखाई दिया। मेरठ में दिवाली की रात वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 450 तक पहुंच गया। सोमवार सुबह भी एक्यूआई 318 दर्ज किया गया।
वहीं, बागपत में एक्यूआई 293, गाजियाबाद में 353 और मुजफ्फरनगर में 222 रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय आसमान में धुएं की परत छाई रही और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पटाखों से होने वाले प्रदूषण की निगरानी के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मेरठ में आठ अलग-अलग स्थानों पर जांच की। टीम ने विभिन्न इलाकों में प्रदूषण के स्तर का आकलन किया। साफ है कि दिवाली की रात हुई आतिशबाजी का असर अगले दिन भी हवा में बना रहा।




