Kurukshetra News:दिवाली पर रोडवेज कर्मियों को तोहफा, 34 परिचालक बने सब इंस्पेक्टर – A Diwali Gift For Roadways Employees: 34 Conductors Promoted To Sub-inspectors
कुरुक्षेत्र। दीपावली पर हरियाणा रोडवेज के परिचालकों को पदोन्नति का तोहफा मिला है। वर्ष 2008 बैच के कुरुक्षेत्र डिपो के 34 परिचालकों को सब इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को पिहोवा सब डिपो में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
रोडवेज वर्कर्स यूनियन के डिपो प्रधान नरेंद्र पांचाल और सब डिपो प्रधान विनोद दीक्षित ने बताया कि प्रदेशभर में करीब 800 परिचालकों को पदोन्नति का लाभ मिला है। कर्मचारी लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। करीब 18 वर्ष की सेवा के बाद उन्हें पदोन्नति मिली है। चार नवंबर को हुई कर्मचारियों की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। अधिकारियों से बातचीत के बाद सकारात्मक परिणाम मिला। दीपावली और भैयादूज के बाद कुरुक्षेत्र मुख्य डिपो में पदोन्नत कर्मचारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
