राजस्थान:दौसा में दिवाली पर ड्यूटी कर रहे जवानों को एसपी ने खिलाई मिठाई, बोले- ये ही असली हीरो हैं – Sp’s Heart-winning Gesture: Offered Sweets To Personnel On Duty From The Vegetable Market To The Collectorate
दीपावली पर जब पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी के बीच त्योहार मना रहा था, तब दौसा जिला मुख्यालय के चौराहों और बाजारों में पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे थे। त्योहार की छुट्टी और परिवार के साथ पूजा करने के बजाय ये जवान अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। ऐसे में उनकी हौसला अफजाई के लिए एसपी कुंदन कंवरिया खुद सड़क पर उतरे और ड्यूटी पर तैनात जवानों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
गांधी चौराहे और सब्जी मंडी से शुरू किया दौरा
शुक्रवार शाम एसपी कुंदन कंवरिया ने सबसे पहले शहर के व्यस्त गांधी चौराहे और सब्जी मंडी का दौरा किया। दीपावली के अवसर पर यहां खरीदारों की भारी भीड़ थी। सड़क पर ठेले, बाइक और कारों की आवाजाही के बीच यातायात पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था संभाल रहे थे। इसके बाद एसपी गांधी चौराहे, लालसोट रोड, आगरा बाईपास और कोतवाली सर्किल स्थित यातायात पॉइंट्स पर पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में मिठाई के डिब्बे थे। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और उनकी सेवाओं की सराहना की।
पढ़ें: जोधपुर में आग का तांडव, बासनी के कारखाने में चार-पांच घंटे तक धधकती रही; लाखों के नुकसान की आशंका
चार हेड कांस्टेबलों ने संभाली शहर की यातायात व्यवस्था
एसपी के निरीक्षण के दौरान यातायात प्रभारी (टीआई) गोपाल लाल शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि उनकी टीम के चार अनुभवी हेड कांस्टेबलों ने दीपावली के दौरान पूरे शहर की यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाई।
इनमें हेड कांस्टेबल जितेंद्र शर्मा ने सब्जी मंडी और सोमनाथ चौराहे पर सबसे अधिक भीड़ वाले स्थानों पर मोर्चा संभाला। हेड कांस्टेबल रामखिलाड़ी लालसोट रोड पर बाजार की भीड़ के बीच यातायात सुचारू बनाए रखने में जुटे रहे। हेड कांस्टेबल ताराचंद ने आगरा बाईपास और सब्जी मंडी में भारी वाहनों को डायवर्ट कर जाम की स्थिति नहीं बनने दी। वहीं, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार ने कोतवाली सर्किल पर पैदल यात्रियों और सब्जी खरीदने आए लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखा।
एसपी बोले- सब्जी मंडी सबसे बड़ी चुनौती थी, जवानों ने जीत लिया दिल
एसपी कुंदन कंवरिया ने कहा कि त्योहार के दौरान सब्जी मंडी और गुप्तेश्वर चौराहे पर यातायात संभालना सबसे बड़ी चुनौती रहती है। एक तरफ सब्जी के ठेले और दूसरी तरफ दीपावली की खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ होती है। इसके बावजूद टीआई गोपाल लाल शर्मा की प्लानिंग और हेड कांस्टेबल जितेंद्र शर्मा, रामखिलाड़ी, ताराचंद और विनोद कुमार की मेहनत से कहीं भी जाम नहीं लगा। उन्होंने जवानों की सराहना करते हुए कहा कि ये ही असली हीरो हैं। तुम हो तो ट्रैफिक है।
