सीजी:दुकान के सामने गिट्टी रखने को लेकर विवाद, कोरबा में दिनदहाड़े दो सगे भाइयों पर कटर से हमला – Dispute Over Gravel In Front Of Shop, Shri Balaji Sports Owner Attacked With Sharp Weapon
कोरबा शहर के सीतामणि हटरी क्षेत्र में घर और दुकान के सामने गिट्टी व अन्य सामान रखने को लेकर हुए विवाद में दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना सामने आई है। हमले में दो सगे भाई रोशन उर्फ रमेश साहू और विकास साहू घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शिवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घायल रोशन साहू श्री बालाजी स्पोर्ट्स के संचालक हैं। कुछ दिन पहले संतोष प्रजापति नामक व्यक्ति ने उनकी दुकान के सामने अपना सामान और गिट्टी रख दी थी। त्योहार को देखते हुए रोशन ने उसे सामान हटाने के लिए कहा, लेकिन दो दिन तक सामान नहीं हटाया गया। छोटी दिवाली के दिन दोबारा कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और वहां से चला गया।
पढ़ें: तेज रफ्तार कार महानदी में गिरी, चार लोगों की मौत, दिवाली मनाने गांव जा रहा था परिवार
आरोप है कि सोमवार सुबह आरोपी पीछे से आया और धारदार हथियार से रोशन पर हमला कर दिया। हमले में उनके गाल पर गहरा घाव हो गया। चोट इतनी गंभीर थी कि उनके दांत तक दिखाई देने लगे। भाई विकास साहू बीच-बचाव करने पहुंचे तो वे भी हमले की चपेट में आ गए और घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोशन साहू की छवि एक अच्छे युवक के रूप में है। वह दो बार एसएसबी का इंटरव्यू दे चुके हैं। इसके अलावा एनसीसी कैडेट और एमपी आरडीसी रह चुके हैं। वह किक बॉक्सिंग के अंतरराष्ट्रीय चैंपियन भी हैं और मेडिकल क्षेत्र में सेल्समैन के रूप में काम करते हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे युवक पर हुए हमले को निंदनीय बताया है। बताया जा रहा है कि हमले में तीन से चार लोग शामिल थे, जिनमें एक पुरुष, उसकी पत्नी और दो अन्य सहयोगी शामिल हैं।
इधर, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि सीतामणि हटरी के पास रोशन साहू पर संतोष प्रजापति द्वारा कटर से हमला किए जाने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में बीएनएस की धारा 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, हालांकि इसकी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
