बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-14 में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में सोमवार को 45 वर्षीय विनोद राजभर की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर विनोद पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य युवक भी मारपीट में घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल विनोद की मऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर चार नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
पुरानी रंजिश में हुआ विवाद, लाठी-डंडों से हमला
जानकारी के अनुसार, दीपावली से पहले पुरानी रंजिश और शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया था। सोमवार को सहतवार के वार्ड नंबर-14 में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर विनोद राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य युवक भी मारपीट में घायल हो गए।