शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भोपाल में दिवाली की रात आग का तांडव:तीसरी मंजिल पर फंसा परिवार, 40 फीट ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीनों को बचाया – Diwali Night Inferno In Bhopal: Family Trapped On The Third Floor; All Three Rescued From A Height Of 40 Feet
भोपाल

भोपाल में दिवाली की रात आग का तांडव:तीसरी मंजिल पर फंसा परिवार, 40 फीट ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीनों को बचाया – Diwali Night Inferno In Bhopal: Family Trapped On The Third Floor; All Three Rescued From A Height Of 40 Feet

November 9, 2026


 दीपावली की खुशियों के बीच राजधानी में आग लगने की घटनाओं ने दहशत फैला दी। घोड़ा नक्कास इलाके में एक दुकान में लगी आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैलने लगी। तीसरी मंजिल पर एक परिवार फंस गया। चारों तरफ धुआं और आग के बीच बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। ऐसे में आसपास मौजूद युवकों ने हिम्मत दिखाई और रस्सी की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई से परिवार के तीन सदस्यों का रेस्क्यू कर उनकी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला।


दुकान में आग लगी, ऊपर लॉज और मकान तक पहुंचा खतरा

घटना घोड़ा नक्कास क्षेत्र में कुंदन नमकीन के सामने की है। अजय रैकवार के मकान के नीचे प्रेम मंगानी का सुपारी सेंटर और किराना दुकान संचालित है। इसी भवन में प्रेम लॉज भी है। जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक प्रेम मंगानी शाम करीब सात बजे पूजा करने के बाद दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसके बाद दुकान में आग लग गई। आग और धुएं ने देखते ही देखते भवन के ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तीसरी मंजिल पर रहने वाला परिवार अंदर ही फंस गया।

40 फीट की ऊंचाई पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष

आग की लपटों और धुएं के बीच परिवार के लोगों को बाहर निकालना बड़ी चुनौती बन गया। आसपास के लोगों ने इंतजार करने के बजाय खुद रेस्क्यू शुरू कर दिया। युवकों ने रस्सी की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई से परिवार के तीन सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारा। उनकी सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो परिवार की जान खतरे में पड़ सकती थी।

गांधीनगर में दीये से पर्दे में लगी आग, 25 लाख का नुकसान

दिवाली की रात आग की दूसरी घटना गांधीनगर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी के एक फ्लैट में हुई। यहां पूजा के बाद जलाए गए दीयों से पर्दों में आग लग गई। देखते ही देखते आग घर के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ। घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े, रसोई का सामान और सोने-चांदी के आभूषण जल गए। हादसे के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। लक्ष्मी पूजन के बाद सभी रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे। इस कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

स्कूल के पास कचरे में लगी आग

तीसरी घटना लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक एक गली में हुई। यहां कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई। कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल भी पड़ा था। आग की सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया।

दिवाली की रात तीन घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

राजधानी में दिवाली की रात अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाओं ने त्योहार के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े किए। घोड़ा नक्कास में स्थानीय युवकों की तत्परता से तीन लोगों की जान बची, वहीं गांधीनगर में एक परिवार को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। गनीमत रही कि तीनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X