शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kushinagar News:रावण वध के साथ रामायण मंचन का समापन, रामदरबार में हुआ राज्याभिषेक – The Ramayana Performance Concludes With The Slaying Of Ravana; The Coronation Takes Place In The Royal Court Of Rama
कुशीनगर

Kushinagar News:रावण वध के साथ रामायण मंचन का समापन, रामदरबार में हुआ राज्याभिषेक – The Ramayana Performance Concludes With The Slaying Of Ravana; The Coronation Takes Place In The Royal Court Of Rama

November 10, 2026


रामलीला में धर्म और सत्य की विजय का मंचन, रामदरबार के समक्ष दीप प्रज्वलित कर अतिथियों ने किया पूजन

मल्लूडीह। कसया क्षेत्र के कुड़वा धनीपट्टी स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे पांच दिवसीय रामायण मंचन का अंतिम दिन विभीषण की शरणागति, लंका विजय और अयोध्या में रामराज्य की स्थापना के प्रसंगों को समर्पित रहा। कलाकारों ने इन प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

मंचन की शुरुआत रावण और विभीषण के संवाद से हुई। विभीषण ने रावण को सीता को सम्मानपूर्वक श्रीराम को लौटाने और युद्ध टालने की सलाह दी, लेकिन अहंकार में डूबे रावण ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद विभीषण श्रीराम की शरण में पहुंचे। श्रीराम ने उन्हें सम्मान देकर मित्रता स्वीकार की।

युद्ध टालने के अंतिम प्रयास के तहत श्रीराम ने अंगद को दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजा। अंगद और रावण के बीच तीखे संवाद के बाद युद्ध शुरू हो गया। मेघनाद के शक्ति बाण से लक्ष्मण के मूर्छित होने और हनुमान के संजीवनी बूटी लाने के प्रसंग का मंचन देख दर्शक भावुक हो उठे।

कुंभकर्ण वध और लक्ष्मण के हाथों मेघनाद के वध के बाद श्रीराम की सेना लंका पहुंची। अंत में श्रीराम ने रावण का वध कर अधर्म और अहंकार का अंत किया। इसके बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने और श्रीराम के राज्याभिषेक का मंचन हुआ। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से परिसर गूंज उठा।

इससे पहले हाटा विधायक मोहन वर्मा, तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार राय, आईएमए अध्यक्ष डॉ. जीपी राय, दिव्यसागर महाराज, डॉ. रामायण सिंह, धनंजय राय, दिवाकर मणि त्रिपाठी, डॉ. योगेश्वर मद्धेशिया, डॉ. आरएस यादव, कुड़वा स्टेट के सुरेंद्र कुमार सिंह और बुद्ध मित्र ने रामदरबार मंदिर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजन और पुष्पार्चन किया।

समापन पर रामायण जी की आरती की गई और प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान दयाशंकर सिंह, जयप्रकाश सिंह, कामोद सिंह, बालिस्टर सिंह, संजय कौशिक, अक्षय गुप्ता, सत्येंद्र गुप्ता, हरिशंकर शर्मा, देवेंद्र गुप्ता और भृगुनाथ श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X