शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हरिद्वार

Haridwar News:विवाहिता को प्रताड़ित करने में पति-ससुरालियों पर प्राथमिकी दर्ज – Fir Registered Against Husband And In-laws For Harassment

November 10, 2026


सहारनपुर के ध्यानार्थ…

– पथरी थाना क्षेत्र का मामला, दहेज में कार न देने पर उत्पीड़न का आरोप

संवाद न्यूज एजेंसी

पथरी। दहेज में कार या उसकी कीमत की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जबरन गर्भपात कराने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, असमा निवासी ग्राम मुस्तफाबाद पदार्था ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी चार नवंबर 2018 को छुटमलपुर, सहारनपुर निवासी मेहरबान के साथ हुई थी। आरोप है कि पति मेहरबान, ससुर जानीर अहमद, सास मुनाजरा, देवर उस्मान और ननद महजबी व सना शादी में दिए गए सामान से खुश नहीं थे।

वे स्विफ्ट कार या उसकी कीमत मायके से लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी नहीं होने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। बेटे के जन्म के बाद भी ससुराल वालों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। 11 अक्तूबर 2024 को ननदों की मौजूदगी में उसके साथ मारपीट कर तीन कपड़ों में घर से निकाल दिया।

आठ मई 2025 को पति और अन्य ससुराल वाले बातचीत के बहाने मायके पहुंचे, जहां फिर मारपीट की। बाद में माफी मांगने और दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा देने पर उसे ससुराल भेज दिया गया। इसके बाद वह गर्भवती हो गई तो पति ने जबरन गर्भपात की दवाइयां खिला दीं। इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

आरोप लगाया कि 14 अगस्त को पति ने दुपट्टे से उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। इसके बाद उसे बेटे के साथ मायके छोड़ने पहुंचे पति ने वहां भी उसके पेट में लात मार दी और मारपीट की। विरोध करने पर उसके भाई के साथ भी मारपीट की। हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान गर्भपात हो गया। सीओ संजय चौहान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X