Haridwar News:छठ पूजा पर रेलवे का विशेष इंतजाम, 19 ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त कोच – Special Arrangements By The Railways For Chhath Puja; Additional Coaches Added To 19 Trains
– मुरादाबाद मंडल में 99 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का किया जा रहा संचालन
हरिद्वार। छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन से लेकर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं तक के इंतजाम बढ़ा दिए हैं। इसके तहत 19 नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाए गए हैं। हरिद्वार रेलवे स्टेशन से 20 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं। इससे यहां से घरों को लौटने वाले यात्रियों को राहत मिली है।
छठ पर्व के दौरान बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से रेलवे स्टेशनों पर दबाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन ने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। हरिद्वार स्टेशन पर टिकट वितरण के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन पर यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। यहां ट्रेनों की जानकारी देने के साथ रेल वन एप डाउनलोड करने और उसका इस्तेमाल करने में भी मदद की जा रही है। वहीं, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
छठ पूजा के मद्देनजर हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश से संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेनों में कोलकाता, वेरावल, बाड़मेर, अजमेर, साबरमती, मुजफ्फरपुर, उदयपुर सिटी, मालदा टाउन, जबलपुर और यशवंतपुर के लिए ट्रेनें शामिल हैं। इनमें योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता, हरिद्वार-वेरावल, हरिद्वार-बाड़मेर, अजमेर-योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार-साबरमती, योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर, हरिद्वार-मालदा टाउन, हरिद्वार-जबलपुर और योगनगरी ऋषिकेश-यशवंतपुर ट्रेनें चलाई जा रही हैं। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि छठ पूजा के मद्देनजर 19 नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाए गए हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रेन रैक भी तैयार किए गए हैं।
