सीजी:झाड़-फूंक से शादी की बाधा दूर करने का दिया झांसा, नशीला पानी पिलाकर किया दुष्कर्म; छह लाख रुपये भी ठगे – Under The Pretext Of Removing Obstacles To Marriage Through Occult Rituals
रायगढ़ जिले में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला से दुष्कर्म करने और छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता को शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और शारीरिक कष्ट ठीक करने का झूठा भरोसा देकर वारदात को अंजाम दिया।
झाड़-फूंक और इलाज का दिया झांसा
लैलूंगा निवासी 40 वर्षीय अविवाहित महिला ने 5 नवंबर को कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। घटना स्थल घरघोड़ा थाना क्षेत्र का होने के कारण मामला वहां भेजा गया। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के जरिये उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने दावा किया था कि वह हाथ देखकर भविष्य बताता है तथा झाड़-फूंक व दवाओं से बीमारियां ठीक करता है। महिला ने अपनी शारीरिक परेशानी और विवाह न होने की समस्या बताई तो आरोपी ने पूजा-पाठ से सब ठीक करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई।
नशीला पानी पिलाकर दुष्कर्म का आरोप
आरोपी ने 8 मार्च को पीड़िता को पूजा-पाठ के लिए घरघोड़ा स्थित अपने मकान पर बुलाया। महिला वहां पहुंची, तो मकान में एक महिला सहयोगी पहले से मौजूद थी, जिसने खुद को पूजा कराने वाली बताया। आरोपियों के कहने पर पीड़िता नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर बैठी। हवन-पूजन के दौरान मुख्य आरोपी ने अभिमंत्रित जल बताकर महिला को नशीली दवा मिला पानी पिला दिया। पानी पीते ही महिला अचेत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। होश आने पर महिला ने विरोध जताया, तो आरोपी ने इसे इलाज की प्रक्रिया बताकर शांत कराने का प्रयास किया।
6 लाख की ठगी और पुलिस कार्रवाई
आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद एक कंपनी में बिजनेस के जरिये काम दिलाने का झांसा देकर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत करने पर आरोपियों ने महिला को डराया-धमकाया। जांच के बाद घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार जायसवाल निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़ और उसकी सहयोगी गायत्री मानिकपुरी निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
