Sonipat News:लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े साहिल को अदालत से झटका, नियमित जमानत याचिका खारिज – Setback For Sahil, Linked To The Lawrence Bishnoi Gang: Court Rejects His Regular Bail Plea
सोनीपत। संगठित अपराध के आरोपों और पहले से दर्ज आपराधिक मामलों को देखते हुए अदालत ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बताए जा रहे युवक साहिल को राहत देने से इन्कार कर दिया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. जसबीर सिंह ने आरोपी की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने मामले की गंभीरता, आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और जांच प्रभावित होने की आशंका को जमानत नहीं देने का प्रमुख आधार माना।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 19 सितंबर बरोदा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि विदेश में बैठा रणदीप मलिक गिरोह के दो सदस्यों मोहित उर्फ गांधी और साहिल को हथियार व कारतूस उपलब्ध करवा रहा है। आरोप है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर दोनों युवकों को पकड़ा था।
तलाशी में हथियार और कारतूस मिलने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मोहित उर्फ गांधी के कब्जे से चार कारतूस से भरी मैगजीन वाली पिस्तौल बरामद हुई, जबकि साहिल के पास से दो मैगजीन और चार कारतूस मिले। दोनों आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मुख्य संचालक की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी
अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि साहिल के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले लंबित हैं। मामले में विदेश में बैठे कथित मुख्य संचालक रणदीप मलिक की गिरफ्तारी अभी बाकी है। इसके अलावा गिरोह की गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य संचार उपकरणों की बरामदगी भी जांच का हिस्सा है।
जांच और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका
अदालत ने माना कि संगठित अपराध की गंभीरता और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जमानत देने से जांच प्रभावित होने तथा गवाहों पर दबाव डालने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन गंभीर आपराधिक आरोपों और समाज की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
