शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sant Kabir Nagar News:दुकानदार की हत्या, चार पर प्राथमिकी दर्ज – Shopkeeper Murdered, Fir Registered Against Four
संत कबीर नगर

Sant Kabir Nagar News:दुकानदार की हत्या, चार पर प्राथमिकी दर्ज – Shopkeeper Murdered, Fir Registered Against Four

November 10, 2026


संतकबीरनगर। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के सामने शुक्रवार देर रात सामान देने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मारपीट में दुकानदार चिरंजीव लाल जायसवाल (58) की मौत हो गई। परिजन ने पड़ोसियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।

रेलवे स्टेशन निवासी शिवम जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि रेलवे स्टेशन के सामने उनकी भोजनालय की दुकान है, जो देर रात तक खुली रहती है। शुक्रवार रात करीब 10:10 बजे उनकी मां दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान पड़ोसी महेंद्र जायसवाल, अमरनाथ जायसवाल, रिंकू और शिवकुमार दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि सामान की बिक्री और लाभ-हानि को लेकर पड़ोसी उनसे रंजिश रखते थे। चारों ने एकराय होकर दुकान में घुसकर शिवम और उनकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शोर सुनकर शिवम के पिता चिरंजीव लाल जायसवाल बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने गालियां देते हुए उन्हें पटक दिया और मार पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दुकानदार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

इसकी सूचना मिलने पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ प्रियम राज शेखर पांडेय और कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में बेटे की तहरीर पर चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

———–

पीआरवी को रेलवे स्टेशन के सामने दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। दुकानदारों के बीच सामान बेचने को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें एक की मौत हो गई है। मृतक के बेटे की तहरीर पर चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-सुशील कुमार सिंह, एएसपी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X