शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:फर्जी पहचान से जमीन का बैनामा, प्राथमिकी दर्ज – Unnao News

November 10, 2026


उन्नाव। शहर के रामदेईखेड़ा मोहल्ले में जमीन के बैनामे में फर्जी पहचान का मामला सामने आया है। आरोप है कि वास्तविक जमीन मालिक अनिल कुमार विमल की जगह दूसरे युवक ने खुद को अनिल कुमार बताकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली। बैनामे में लगाए गए आधार कार्ड का विवरण भी वास्तविक मालिक के आधार कार्ड से अलग बताया जा रहा है। पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली गांव निवासी अनिल कुमार विमल ने 19 अक्तूबर 2004 को रामदेईखेड़ा मोहल्ले में जमीन खरीदी थी। आरोप है कि पिछले साल 28 दिसंबर को एक युवक ने खुद को अनिल कुमार विमल बताकर उक्त जमीन का बैनामा करा लिया। घटना के समय वास्तविक मालिक अनिल कुमार रोजगार के सिलसिले में बाहर थे।

पीड़ित के मुताबिक, बैनामे में इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड का विवरण उनके वास्तविक आधार कार्ड से मेल नहीं खाता है। जमीन की बिक्री के एवज में चेक के माध्यम से भुगतान दर्शाया गया है। अब पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि चेक की रकम किस बैंक खाते में जमा हुई है।

कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। बैनामे में लगाए गए दस्तावेजों के साथ उपनिबंधक कार्यालय में उपलब्ध फोटो और बायोमीट्रिक रिकॉर्ड का मिलान कराया जाएगा। बैनामे के दौरान मौजूद गवाहों की भूमिका की भी जांच होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X