दीपावली का त्योहार बीतने के बाद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के जिलों में वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। पटाखों के कारण बढ़ा प्रदूषण अब भी वातावरण में बना हुआ है।
मंगलवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 256, बागपत का 275, गाजियाबाद का 245 और मुजफ्फरनगर का 227 दर्ज किया गया। इन सभी जिलों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण के चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने के साथ कई इलाकों में धुएं और धुंध की परत दिखाई दे रही है। सड़कों और खुले क्षेत्रों में स्मॉग का असर साफ नजर आ रहा है। तापमान में गिरावट और हवा की गति कम रहने से प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक ठहर सकते हैं। ऐसे में दीपावली के बाद भी हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो पा रहा है।
यह भी पढ़ें: Meerut: भाई दूज पर नमो भारत की बढ़ेगी रफ्तार, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगे 32 अतिरिक्त फेरे