शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भारत ने शतरंज में कैसे पूरा किया शतक?:अनुज श्रीवात्री बने 100वें ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी ने दी बधाई – Pm Modi Congratulates Anuj Shrivatri
खेल

भारत ने शतरंज में कैसे पूरा किया शतक?:अनुज श्रीवात्री बने 100वें ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी ने दी बधाई – Pm Modi Congratulates Anuj Shrivatri

November 10, 2026


PM Modi congratulates Anuj Shrivatri

पीएम मोदी-अनुज
-Anuj Shrivatri

विस्तार

भारत ने शतरंज की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अनुज श्रीवात्री के ग्रैंडमास्टर बनने के साथ ही देश में ग्रैंडमास्टर्स की संख्या 100 हो गई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनूज श्रीवात्री को बधाई दी और इसे भारतीय शतरंज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि भारत ने शतरंज में शतक पूरा कर लिया है। यह अपने आप में असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश में 100 ग्रैंडमास्टर्स का होना खिलाड़ियों की अपार प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। साथ ही, यह युवाओं के बीच शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता का भी प्रमाण है। मोदी ने उम्मीद जताई कि अनूज की यह उपलब्धि देश के अधिक से अधिक युवाओं को शतरंज अपनाने और इस खेल में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

फिलीपींस में खिताब जीतकर हासिल किया मुकाम

मध्य प्रदेश के अनूज श्रीवात्री ने रविवार को फिलीपींस के सिनाकाबान में आयोजित सातवीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया। इसके साथ ही वह भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बन गए।

विश्वनाथन आनंद थे भारत के पहले ग्रैंडमास्टर

भारतीय शतरंज के दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद साल 1988 में देश के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे। उनके बाद भारतीय शतरंज ने लगातार तरक्की की और अब देश में ग्रैंडमास्टर्स की संख्या 100 तक पहुंच गई है। इस साल जुलाई से नवंबर के बीच भारत को पांच नए ग्रैंडमास्टर मिले हैं। अनूज श्रीवात्री से पहले एथन वाज, हर्षवर्धन जीबी, एस अश्वथ और वी रत्नवेल ने यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था।

गुकेश के रूप में भारत के पास विश्व चैंपियन

भारतीय शतरंज की इस सफलता को और खास बनाता है डी. गुकेश का मौजूदा विश्व चैंपियन होना। गुकेश इसी महीने अपने विश्व खिताब का बचाव करने उतरेंगे। ऐसे में 100 ग्रैंडमास्टर्स का आंकड़ा छूना भारतीय शतरंज के बढ़ते दबदबे को दर्शाता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X