शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
भरतपुर:सरपंच चुनाव में हार के बाद शुरू हुई रंजिश, वोट नहीं देने के आरोप पर भिड़े दो पक्षl; एक की मौत – Bharatpur Bloody Clash Erupts Over A Rivalry Stemming From Sarpanch Elections
भरतपुर

भरतपुर:सरपंच चुनाव में हार के बाद शुरू हुई रंजिश, वोट नहीं देने के आरोप पर भिड़े दो पक्षl; एक की मौत – Bharatpur Bloody Clash Erupts Over A Rivalry Stemming From Sarpanch Elections

November 10, 2026


भरतपुर संभाग मुख्यालय के डीग जिले के नगर थाना क्षेत्र के सुंदरावली गांव में सरपंच चुनाव की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि गांव निवासी ब्रजेश की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सुंदरावली गांव में 5 नवंबर को सरपंच पद के लिए चुनाव हुआ था। चुनाव में देवहरी और मुकुट ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश की थी। बताया जा रहा है कि चुनाव में देवहरी की हार के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी चुनावी विवाद को लेकर देवहरी पक्ष के लोगों ने उदयभान पक्ष पर वोट नहीं देने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पढ़ें:  बीएसएफ की महिला जवानों के साथ भाई दूज मनाएंगे सीएम भजनलाल शर्मा, तनोट माता मंदिर में करेंगे दर्शन

इस संघर्ष में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि ब्रजेश की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इधर, एक व्यक्ति की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुंदरावली रोड पर जाम लगा दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के एकत्रित होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश कर जाम खुलवाया।

पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। खूनी संघर्ष के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X