Jhansi News:अब पॉलीहाउस में उगाएं महंगी सब्जियां, बढ़ाएं कमाई – Now Grow High-value Vegetables In A Polyhouse And Increase Your Earnings
झांसी। किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में तीन माह का संरक्षित खेती प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहा है। 20 नवंबर से शुरू होने वाले इस प्रशिक्षण में किसानों, कृषि उद्यमियों और युवाओं को पॉलीहाउस एवं नेट हाउस में उच्च मूल्य वाली सब्जियों की खेती का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के सब्जी विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित इस पाठ्यक्रम में ब्रोकली, ब्रुसेल्स स्प्राउट, रंगीन शिमला मिर्च, अनिश्चित वृद्धि वाले टमाटर और बीजरहित खीरे की उन्नत खेती सिखाई जाएगी।
सब्जी विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पौध तैयार करने से लेकर रोपाई, पौधों की ट्रेनिंग, छंटाई, सहारा देने, ड्रिप सिंचाई, उर्वरकों के उपयोग, पोषक तत्व प्रबंधन और कीट-रोग नियंत्रण तक की जानकारी दी जाएगी। गुणवत्तायुक्त उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का भी अभ्यास कराया जाएगा। इससे खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश संबंधी जानकारी विश्वविद्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
