शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चमोली

Chamoli News:मेले में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम – A Lively Atmosphere Of Sports And Cultural Events At The Fair

November 11, 2026


स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली

संवाद न्यूज एजेंसी

नंदासैंण। पर्यावरण संवर्द्धन, पर्यटन एवं विकास मेले के दूसरे दिन मंगलवार को खेलकूद, सांस्कृतिक और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकालने के साथ ही विद्यालय स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी और उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी मुख्य अतिथि रहे। राजकीय इंटर कॉलेज देवलकोट की इको क्लब इकाई ने रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 400 और 1600 मीटर ग्रामीण दौड़ में बालक-बालिकाओं ने उत्साह से भाग लिया। हिंदी, गढ़वाली और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिताएं भी हुईं। आशीष नेगी ने शराबबंदी, जल-जंगल-जमीन संरक्षण और राजधानी गैरसैंण सहित क्षेत्रीय विकास के मुद्दे उठाए। मुकेश नेगी ने कहा कि मेले से क्षेत्र के विकास को गति मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है। वहीं, दिवंगत कृपाल सिंह रावत और शहीद मान सिंह रावत की स्मृति में विद्यालय स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। चिंती भाई की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मोहन सिंह रावत ने रिबन काटकर किया। इसमें क्षेत्र के 15 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।

पत्रकार ललिता लखेड़ा को मिलेगा गोविंद नौटियाल स्मृति सम्मान

गौचर। 14 नवंबर से शुरू होने वाले औद्योगिक एवं सांस्कृतिक विकास मेले में वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेड़ा को गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मेला शुभारंभ के अवसर पर उन्हें यह सम्मान देंगे। पोखरी ब्लॉक के बमोथ गांव निवासी लखेड़ा को पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए चुना गया है। इसके अलावा वरिष्ठ लेखक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा और साहित्य प्रसार सम्मान दिया जाएगा। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X