Hamirpur News:बुंदेली लोकगीतों की धुन पर झूमे लोग, राई नृत्य ने बांधा समां – People Danced To The Tunes Of Bundeli Folk Songs, Rai Dance Enthralled The Audience
सरीला (हमीरपुर)। क्षेत्र के बरगवां गांव में सोमवार को बुंदेली लोकगीतों और राई नृत्य की शानदार प्रस्तुति देखने के लिए हजारों लोग उमड़े। सागर से आए लोकगायक जीतू चौरसिया ने टीम के साथ मधुर प्रस्तुति देकर दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। कार्यक्रम गांव के धूमगर तालाब के पास आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में जीतू चौरसिया और महिलाओं ने बुंदेली लोकगीतों पर राई नृत्य प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और लोकगीतों की धुन पर कलाकारों की प्रस्तुति देखकर दर्शक तालियां बजाते और झूमते रहे। वहीं जिला पंचायत सदस्य रामसजीवन यादव ने लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया और जमकर तालियां बटोरीं। राई बुंदेलखंड की प्रमुख लोककला है जिसमें लोकगीत, नृत्य और ग्रामीण जीवन की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति शामिल होती है। यहां पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जीतू राजपूत, सत्या राजपूत, शिवकुमार शिवहरे, उत्तम सिंह आदि रहे।
मौन व्रत रख गोसंवर्धन का लिया संकल्प
सरीला (हमीरपुर)। दिवाली की प्रतिपदा पर सोमवार को बुंदेलखंड की सदियों पुरानी मौनिया-दिवारी परंपरा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई गई। मौनियों ने बछिया की पूंछ पकड़कर एक दिवसीय मौन व्रत धारण कर गोसंवर्धन का संकल्प लिया और पांच गांवों का भ्रमण कर देर शाम व्रत तोड़ा। इस अवसर पर ग्वालों ने बुंदेली दिवारी नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया। कस्बे के बड़ी माता मंदिर, प्रजापति मोहल्ला, कारसदेव, शल्लेश्वर मंदिर, हरदौल लाला और पुलिस चौकी के पास मौनियों ने गोसंवर्धन का संकल्प लिया। बुंदेलखंड में दिवाली के बाद मौन व्रत रखकर गांवों की परिक्रमा करने वालों को मौनिया कहा जाता है।
विधायक व डीएम ने किया गोवंशों का पूजन
पौथिया (हमीरपुर)। दिवाली के अगले दिन सोमवार को सदर विधायक मनोज प्रजापति व जिलाधिकारी अशोक कुमार पौथिया गांव की गोशाला पहुंचे जहां उन्होंने गोवंशों का पूजन कर गुड़ खिलाया। कुंडौरा मार्ग स्थित गोशाला में सुबह करीब 11 बजे सदर विधायक व डीएम पहुंचे। डीएम ने गोशाला में भूसे और चारे का प्रबंध देखा। उन्होंने साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम प्रधान वंदना सचान, प्रधान प्रतिनिधि आशीष सचान एडवोकेट आदि रहे। वहीं पौथिया सहित कीरतपुर, कलौलीतीर, सहजना, बरदहा, उजनेड़ी, शिकरी, सहुरापुर, कलौजीजार, स्वासा, कुम्हउपुर, ललपुरा, टीकापुर गांवों में गोपूजन के साथ मौन चराने की शुरुआत हुई। मौनियों ने भ्रमण के दौरान हनुमान मंदिर बैठका धाम, सिद्ध बाबा में विश्राम किया। वहीं मंदिर परिसर में लट्ठ मार दिवारी नृत्य हुआ। शाम को गांव लौटने पर गोपूजन कर व्रत का पारण किया। (
